देश की खबरें | दुर्ग जिले में ईडी की गाड़ियों पर पथराव

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में सोमवार को प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के वाहनों पर प्रदर्शनकारियों ने पथराव कर दिया। पुलिस ने यह जानकारी दी।

दुर्ग, 10 मार्च छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में सोमवार को प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के वाहनों पर प्रदर्शनकारियों ने पथराव कर दिया। पुलिस ने यह जानकारी दी।

यह घटना तब हुई जब ईडी के अधिकारी कांग्रेस नेता और पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के आवास पर छापेमारी करने के बाद लौट रहे थे।

पथराव की घटना शाम के समय हुई। कांग्रेस कार्यकर्ता कथित शराब घोटाला मामले में भूपेश बघेल के बेटे चैतन्य के खिलाफ दर्ज धन शोधन के मामले की जांच के तहत ईडी की छापेमारी के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे थे।

दुर्ग के पुलिस अधीक्षक जितेन्द्र शुक्ला ने बताया,"हमें ईडी के अधिकारियों से मौखिक शिकायत मिली कि प्रदर्शनकारियों ने उनके वाहनों को रोकने की कोशिश की और पत्थर फेंके, जिससे एक वाहन की खिड़की का शीशा क्षतिग्रस्त हो गया।

उन्होंने बताया कि इस संबंध में मामला दर्ज किया जाएगा और कार्रवाई की जाएगी।

आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि सोमवार सुबह प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने छत्तीसगढ़ के भिलाई शहर के पदुम नगर में स्थित पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के घर पर छापेमारी की। यह छापेमारी उनके बेटे चैतन्य बघेल के खिलाफ दर्ज धन शोधन के मामले की जांच के तहत की गई थी।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\