देश की खबरें | बगैर अनुमति लगायी गयी प्रतिमा हटाने गयी पुलिस पर पथराव, पांच घायल
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. उत्तर प्रदेश के कन्नौज जिले के छिबरामऊ के सौरिख तिराहे पर पार्क में बिना अनुमति लगायी गयी भगवान बुद्ध की प्रतिमा को बृहस्पतिवार को पुलिस द्वारा हटाने की कोशिश करने पर कुछ लोगों ने पथराव कर दिया जिसमें एक पुलिस इंस्पेक्टर सहित पांच पुलिसकर्मी घायल हो गए एवं 12 अन्य व्यक्तियों को मामूली चोंटे आयी हैं।
कन्नौज (उप्र), 26 अगस्त उत्तर प्रदेश के कन्नौज जिले के छिबरामऊ के सौरिख तिराहे पर पार्क में बिना अनुमति लगायी गयी भगवान बुद्ध की प्रतिमा को बृहस्पतिवार को पुलिस द्वारा हटाने की कोशिश करने पर कुछ लोगों ने पथराव कर दिया जिसमें एक पुलिस इंस्पेक्टर सहित पांच पुलिसकर्मी घायल हो गए एवं 12 अन्य व्यक्तियों को मामूली चोंटे आयी हैं।
पुलिस अधीक्षक प्रशांत वर्मा ने बताया कि छिबरामऊ कोतवाली प्रभारी विनोद मिश्रा, सिपाही सतेंद्र, शहर प्रभारी विनय शर्मा, सिपाही विजय शंकर व पीएससी के जवान मोहन वीर घायल हुये हैं। उन्होंने बताया कि इसके अलावा 12 अन्य व्यक्तियों को मामूली चोंटे आयी हैं।
पुलिस के मुताबिक छिबरामऊ के सौरिख तिराहे पर पार्क में मंगलवार रात बिना अनुमति के कुछ लोगों ने भगवान बुद्ध की प्रतिमा लगा दी थी, जिसके विरोध में बुधवार को क्षत्रिय समाज के लोगों ने जाम लगा दिया। पुलिस ने बताया कि पुलिस ने समझा बुझाकर जाम लगा रहे लोगो को हटाया। पुलिस के अनुसार बाद में पुलिस ने बुद्ध प्रतिमा को हटाने की कोशिश की लेकिन बुद्ध प्रतिमा को नीचे से सीमेंट से जाम कर दिया गया था जिससे प्रतिमा को हटाया नहीं जा सका।
पुलिस ने बताया कि बृहस्पतिवार सुबह शाक्य समाज के कुछ लोगों ने पार्क पहुँच कर पीपल का पेड़ लगाया और पूजा अर्चना की। पुलिस के मना करने के बावजूद कोई नहीं माना। पुलिस ने बताया कि दोपहर को करीब साढ़े चार बजे पुलिस ने मूर्ति को फिर हटाने की कोशिश की जिस पर शाक्य समाज के लोगों की भीड़ इकट्ठा होने लगी और पुलिस पर पथराव कर दिया। स्थिति संभालने के लिए पुलिस ने भी लाठीचार्ज किया।
अपर जिलाधिकारी गजेंद्र कुमार व पुलिस अधीक्षक मौके पर पहुँचे तब तक पुलिस ने पथराव करने वाले लोगों को वहां से हटा दिया था। पुलिस अधीक्षक प्रशांत वर्मा ने बताया कि हालात को नियंत्रित कर लिया गया है तथा घायल पुलिसकर्मियों को अस्पताल में भर्ती कराया गया हैं।
मौके पर पुलिस बल तैनात कर दिया गया हैं तथा पथराव करने वालो की तलाश की जा रही है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)