एजेंसी न्यूज

जरुरी जानकारी | शेयर बाजारों में तेजी लौटी, सेंसेक्स 367 अंक चढ़ा

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Information at LatestLY हिन्दी. मजबूत वैश्विक संकेतों के बीच रिलायंस इंडस्ट्रीज और टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (टीसीएस) में खरीदारी तेज होने से सोमवार को घरेलू शेयर बाजारों में रौनक लौट आई और दोनों प्रमुख सूचकांक...सेंसेक्स और निफ्टी... बढ़त में रहे।

जरुरी जानकारी | शेयर बाजारों में तेजी लौटी, सेंसेक्स 367 अंक चढ़ा

मुंबई, 31 जुलाई मजबूत वैश्विक संकेतों के बीच रिलायंस इंडस्ट्रीज और टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (टीसीएस) में खरीदारी तेज होने से सोमवार को घरेलू शेयर बाजारों में रौनक लौट आई और दोनों प्रमुख सूचकांक...सेंसेक्स और निफ्टी... बढ़त में रहे।

बीएसई का 30 शेयरों पर आधारित सेंसेक्स कारोबार के अंत में 367.47 अंक की बढ़त के साथ 66,527.67 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान एक समय सेंसेक्स 66,598.42 अंक तक पहुंच गया था।

नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का सूचकांक निफ्टी भी 107.75 अंक चढ़कर 19,753.80 अंक पर बंद हुआ।

दोनों शेयर बाजारों ने इस तेजी के साथ पिछले सप्ताह लगातार दो कारोबारी दिवसों में रही गिरावट से खुद को उबार लिया।

सेंसेक्स में शामिल कंपनियों में से एनटीपीसी का शेयर सकारात्मक तिमाही नतीजों के दम पर करीब चार प्रतिशत तक उछल गया। इसके अलावा पावर ग्रिड, टेक महिंद्रा, टाटा स्टील, टीसीएस, विप्रो, मारुति सुजुकी और जेएसडब्ल्यू स्टील के शेयरों में तेजी का दौर रहा।

दूसरी तरफ, बजाज फाइनेंस, कोटक महिंद्रा बैंक, हिंदुस्तान यूनिलीवर, आईटीसी, भारती एयरटेल और एशियन पेंट्स के शेयरों में प्रमुख रूप से गिरावट रही।

जियोजीत फाइनेंशियल सर्विसेज के शोध प्रमुख विनोद नायर ने कहा, "वैश्विक रुझानों के अनुरूप भारतीय शेयर बाजारों में भी तेजी का रुख देखने को मिला। दुनिया भर में मुद्रास्फीति में नरमी आने से ब्याज दरों में तेजी का दौर थमने की उम्मीदें बढ़ी हैं।"

एशिया के अन्य बाजारों में दक्षिण कोरिया का कॉस्पी, जापान का निक्की, चीन का शंघाई कंपोजिट और हांगकांग का हैंगसेंग बढ़त के साथ बंद हुए।

यूरोपीय बाजारों में मिला-जुला कारोबार देखा जा रहा था। गत शुक्रवार को अमेरिकी बाजार बढ़त के साथ बंद हुए थे।

इस बीच अंतरारष्ट्रीय तेल मानक ब्रेंट क्रूड 0.25 प्रतिशत चढ़कर 85.20 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया।

शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशकों ने शुक्रवार को घरेलू बाजारों से 1,023.91 करोड़ रुपये की निकासी की थी।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Jul 31, 2023 04:38 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).