एजेंसी न्यूज

जरुरी जानकारी | शेयर बाजार में नए साल के पहले दिन तेजी; सेंसेक्स 368 अंक चढ़ा, निफ्टी 23,700 अंक के पार

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Information at LatestLY हिन्दी. स्थानीय शेयर बाजार में नये साल के पहले दिन तेजी लौटी और बीएसई सेंसेक्स 368 अंक से अधिक बढ़कर बंद हुआ। एनएसई निफ्टी भी 23,700 अंक के पार निकल गया। उतार-चढ़ाव भरे कारोबार में प्रमुख कंपनियों के शेयरों में लिवाली से बाजार में तेजी रही।

जरुरी जानकारी | शेयर बाजार में नए साल के पहले दिन तेजी; सेंसेक्स 368 अंक चढ़ा, निफ्टी 23,700 अंक के पार

मुंबई, एक जनवरी स्थानीय शेयर बाजार में नये साल के पहले दिन तेजी लौटी और बीएसई सेंसेक्स 368 अंक से अधिक बढ़कर बंद हुआ। एनएसई निफ्टी भी 23,700 अंक के पार निकल गया। उतार-चढ़ाव भरे कारोबार में प्रमुख कंपनियों के शेयरों में लिवाली से बाजार में तेजी रही।

बीएसई के 30 शेयरों पर आधारित मानक सूचकांक सेंसेक्स में दो दिन से जारी गिरावट पर विराम लगा और यह साल 2025 के पहले दिन 368.40 अंक यानी 0.47 प्रतिशत चढ़कर 78,507.41 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान यह एक समय 617.48 अंक तक उछल गया था।

नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का सूचकांक निफ्टी भी 98.10 अंक यानी 0.41 प्रतिशत की बढ़त के साथ 23,742.90 अंक पर बंद हुआ।

सेंसेक्स के शेयरों में मारुति में सबसे अधिक 3.26 प्रतिशत का लाभ रहा। इसका कारण कंपनी की थोक बिक्री में वृद्धि है। यह दिसंबर में 30 प्रतिशत बढ़कर 1,78,248 इकाई रही।

इसके अलावा महिंद्रा एंड महिंद्रा, लार्सन एंड टुब्रो, बजाज फाइनेंस, टाटा मोटर्स, इंडसइंड बैंक, एशियन पेंट्स, पावर ग्रिड, एचडीएफसी बैंक और एक्सिस बैंक के शेयर भी लाभ में रहे।

दूसरी तरफ, नुकसान में रहने वाले शेयरों में टाटा स्टील, अदाणी पोर्ट्स, एचसीएल टेक, भारतीय स्टेट बैंक, हिंदुस्तान यूनिलीवर और टेक महिंद्रा शामिल हैं।

रेलिगेयर ब्रोकिंग लि. के वरिष्ठ उपाध्यक्ष (शोध) अजित मिश्रा ने कहा, ‘‘साल के पहले दिन बाजार की शुरुआत करीब आधे प्रतिशत की तेजी से हुई। शुरुआती गिरावट के बाद विभिन्न क्षेत्रों की प्रमुख कंपनियों के चुनिंदा शेयरों में लिवाली देखी गयी। इससे बाजार नुकसान से पार पाता हुआ लाभ में पहुंच गया।’’

जियोजीत फाइनेंशियल सर्विसेज के शोध प्रमुख विनोद नायर ने कहा, ‘‘बुनियादी उद्योग का आंकड़ा मासिक आधार पर बेहतर होने तथा चालू वित्त वर्ष की बची हुई अवधि में पूंजीगत व्यय में तेजी आने की उम्मीद से पूंजीगत सामान, उद्योग, वाहन और बिजली जैसे क्षेत्रों को समर्थन मिला।’’

छोटी कंपनियों के शेयरों से जुड़ा बीएसई स्मॉलकैप सूचकांक 1.03 प्रतिशत उछला, जबकि मझोली कंपनियों के शेयरों से जुड़ा मिडकैप 0.50 प्रतिशत मजबूत हुआ।

शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों ने मंगलवार को 4,645.22 करोड़ रुपये मूल्य के शेयर बेचे।

एशिया और यूरोप के ज्यादातर बाजार नये साल के अवकाश की वजह से बंद रहे। अमेरिकी बाजार मंगलवार को नुकसान में रहे थे।

वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड 0.88 प्रतिशत की बढ़त के साथ 74.64 डॉलर प्रति बैरल रहा।

बीएसई सेंसेक्स मंगलवार को 109.12 अंक टूटा था जबकि एनएसई निफ्टी में मामूली 0.10 अंक की गिरावट आई थी।

बीते साल 2024 में सेंसेक्स 5,898.75 अंक यानी 8.16 प्रतिशत चढ़ा जबकि निफ्टी में 1,913.4 अंक यानी 8.80 प्रतिशत की तेजी रही।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Jan 01, 2025 05:46 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).