जरुरी जानकारी | शेयर बाजार में तीसरे दिन तेजी, सेंसेक्स 227 अंक चढ़ा
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Information at LatestLY हिन्दी. स्थानीय शेयर बाजारों में बृहस्पतिवार को लगातार तीसरे कारोबारी सत्र में दिन तेजी रही और बीएसई सेंसेक्स 227 अंक चढ़कर एक बार फिर 72,000 अंक के स्तर पर पहुंच गया। वहीं नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 22,000 अंक के करीब पहुंच गया।
मुंबई, 15 फरवरी स्थानीय शेयर बाजारों में बृहस्पतिवार को लगातार तीसरे कारोबारी सत्र में दिन तेजी रही और बीएसई सेंसेक्स 227 अंक चढ़कर एक बार फिर 72,000 अंक के स्तर पर पहुंच गया। वहीं नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 22,000 अंक के करीब पहुंच गया।
कारोबारियों के अनुसार, वैश्विक शेयर बाजारों में ज्यादातर में मजबूत रुख के बीच महिंद्रा एंड महिंद्रा, एचडीएफसी बैंक और एसबीआई में लिवाली से स्थानीय बाजार में मजबूत रही। इसके अलावा वाहन, ऊर्जा तथा बिजली कंपनियों के शेयरों में भी तेजी का भी सकारात्मक असर पड़ा।
तीस शेयरों पर आधारित सेंसेक्स 227.55 अंक यानी 0.32 प्रतिशत की बढ़त के साथ 72,050.38 अंक पर बंद हुआ। सूचकांक मजबूत खुला और ऊंचे में 72,164.97 अंक तक गया और नीचे 71,644.44 अंक तक आया।
नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी भी 70.70 अंक यानी 0.32 प्रतिशत की बढ़त के साथ 21,910.75 अंक पर बंद हुआ।
सेंसेक्स की कंपनियों में महिंद्रा एंड महिंद्रा का शेयर सबसे ज्यादा 6.51 प्रतिशत चढ़ा। इसके अलावा एनटीपीसी, पावरग्रिड, एसबीआई, एचडीएफसी बैंक, एशियन पेंट्स और विप्रो में प्रमुख रूप से तेजी रही।
एचडीएफसी बैंक का शेयर 2.15 प्रतिशत चढ़कर 1,413.75 रुपये रहा।
इसके उलट, नुकसान में रहने वाले शेयरों में एक्सिस बैंक, आईटीसी, एचयूएल, नेस्ले इंडिया और सन फार्मा शामिल हैं।
जियोजीत फाइनेंशियल सर्विसेज के शोध प्रमुख विनोद नायर ने कहा, ‘‘वैश्विक बाजारों में सकारात्मक रुख का असर घरेलू बाजार पर भी पड़ा और यह बढ़त में रहा। यूरो क्षेत्र में मुद्रास्फीति में कमी के रुख के साथ कंपनियों के बेहतर वित्तीय परिणाम से धारणा मजबूत हुई।’’
उन्होंने कहा, ‘‘हालांकि तेजी व्यापक रही लेकिन बाजार प्रतिभागियों की रुचि बड़ी कंपनियों के अच्छे शेयरों पर हैं। इसका कारण मूल्यांकन का अंतर है। वे छोटी और मझोली कंपनियों के मामले में सतर्क रुख अपना रहे हैं।’’
एशिया के अन्य बाजारों में जापान का निक्की और हांगकांग का हैंगसेंग लाभ में जबकि दक्षिण कोरिया का कॉस्पी नुकसान में रहा।
चीन के बाजार ‘चंद्र नववर्ष’ के मौके पर बंद रहे।
यूरोप के प्रमुख बाजारों में शुरुआती कारोबार में तेजी का रुख रहा। अमेरिकी बाजार बुधवार को बढ़त में रहे थे।
वैश्विक स्तर पर तेल मानक ब्रेंट क्रूड 0.09 प्रतिशत की गिरावट के साथ 81.53 डॉलर प्रति बैरल रहा।
शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों ने बुधवार को 3,929.60 करोड़ रुपये मूल्य के शेयर बेचे।
सेंसेक्स बुधवार को 267.64 अंक मजबूत हुआ था, जबकि निफ्टी में 96.80 अंक की तेजी थी।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Feb 15, 2024 04:50 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

