एजेंसी न्यूज

जरुरी जानकारी | शेयर बाजार में लगातार तीसरे दिन तेजी, सेंसेक्स 213 अंक और चढ़ा

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Information at LatestLY हिन्दी. घरेलू शेयर बाजारों में बुधवार को लगातार तीसरे कारोबारी सत्र में तेजी का सिलसिला जारी रहा। बैंक शेयरों में लिवाली और यूरोपीय शेयर बाजारों में शुरुआती बढ़त से बीएसई सेंसेक्स 213 अंक चढ़ गया, जबकि एनएसई निफ्टी 19,400 अंक के पार पहुंच गया।

जरुरी जानकारी | शेयर बाजार में लगातार तीसरे दिन तेजी, सेंसेक्स 213 अंक और चढ़ा

मुंबई, 23 अगस्त घरेलू शेयर बाजारों में बुधवार को लगातार तीसरे कारोबारी सत्र में तेजी का सिलसिला जारी रहा। बैंक शेयरों में लिवाली और यूरोपीय शेयर बाजारों में शुरुआती बढ़त से बीएसई सेंसेक्स 213 अंक चढ़ गया, जबकि एनएसई निफ्टी 19,400 अंक के पार पहुंच गया।

तीस शेयरों पर आधारित बीएसई सेंसेक्स 213.27 अंक यानी 0.33 प्रतिशत की तेजी के साथ 65,433.30 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान एक समय यह 284.68 अंक तक चढ़ गया था।

नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी भी 47.55 अंक यानी 0.25 प्रतिशत के लाभ के साथ 19,444 अंक पर बंद हुआ।

सेंसेक्स के शेयरों में आईसीआईसीआई बैंक, भारतीय स्टेट बैंक, लार्सन एंड टुब्रो, मारुति, टाटा स्टील, कोटक महिंद्रा बैंक, बजाज फाइनेंस, नेस्ले, पावर ग्रिड और एचडीएफसी बैंक प्रमुख रूप से लाभ में रहे।

दूसरी तरफ नुकसान में रहने वाले शेयरों में जियो फाइनेंशियल सर्विसेज, भारती एयरटेल, टाटा मोटर्स, टेक महिंद्रा, आईटीसी, अल्ट्राटेक सीमेंट और महिंद्रा एंड महिंद्रा शामिल हैं।

एशिया के अन्य बाजारों में जापान का निक्की और हांगकांग का हैंगसेंग लाभ में, जबकि दक्षिण कोरिया का कॉस्पी और चीन का शंघाई कम्पोजिट नुकसान में रहे। अमेरिकी बाजार में मंगलवार को मिला-जुला रुख रहा।

जियोजीत फाइनेंशियल सर्विसेज के शोध प्रमुख विनोद नायर ने कहा, ‘‘बैंक क्षेत्र में अच्छी मांग से घरेलू मोर्चे पर धारणा सकारात्मक बनी हुई है। हालांकि, सूचना प्रौद्योगिकी और दवा कंपनियों के शेयरों ने तेजी पर अंकुश लगाया।’’

नायर ने कहा कि वैश्विक बाजारों में कारोबार सीमित दायरे में रहा। निवेशकों को केंद्रीय बैंक के प्रमुखों के शुक्रवार को जैक्सन होल कार्यक्रम का इंतजार है।

रेलिगेयर ब्रोकिंग लिमिटेड के एसवीपी (तकनीकी अनुसंधान) अजित मिश्रा ने कहा कि बाजारों में उतार-चढ़ाव रहा और वे सकारात्मक रुख के साथ बंद हुए।

शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों ने मंगलवार को 495.17 करोड़ रुपये मूल्य के शेयर बेचे।

इस बीच, वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड 0.83 प्रतिशत घटकर 83.33 डॉलर प्रति बैरल रहा।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Aug 23, 2023 05:12 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).