जरुरी जानकारी | शेयर बाजार में लगातार दूसरे दिन तेजी, सेंसेक्स 242 अंक और चढ़ा
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Information at LatestLY हिन्दी. स्थानीय शेयर बाजारों में शुक्रवार को लगातार दूसरे दिन तेजी रही और बीएसई सेंसेक्स 242 अंक के लाभ में रहा। मुख्य रूप से आईटी शेयरों में लिवाली और अमेरिकी बाजारों के मजबूत रुख से बाजार बढ़त में रहा।
मुंबई, 22 दिसंबर स्थानीय शेयर बाजारों में शुक्रवार को लगातार दूसरे दिन तेजी रही और बीएसई सेंसेक्स 242 अंक के लाभ में रहा। मुख्य रूप से आईटी शेयरों में लिवाली और अमेरिकी बाजारों के मजबूत रुख से बाजार बढ़त में रहा।
तीस शेयरों पर आधारित सेंसेक्स 241.86 अंक यानी 0.34 प्रतिशत की बढ़त के साथ 71,106.96 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान एक समय यह 394.45 अंक चढ़ गया था।
नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी भी 94.35 अंक यानी 0.44 प्रतिशत की तेजी के साथ 21,349.40 अंक पर बंद हुआ।
सेंसेक्स की कंपनियों में विप्रो सबसे ज्यादा छह प्रतिशत लाभ में रही। इसके अलावा एचसीएल टेक्नोलॉजीज, टाटा मोटर्स, मारुति, टाटा स्टील, इन्फोसिस, टेक महिंद्रा, लार्सन एंड टुब्रो और जेएसडब्ल्यू स्टील में भी प्रमुख रूप से तेजी रही।
दूसरी तरफ नुकसान में रहने वाले शेयरों में भारतीय स्टेट बैंक, बजाज फाइनेंस, आईसीआईसीआई बैंक, एचडीएफसी बैंक, एक्सिस बैंक और इंडसइंड बैंक शामिल हैं।
जियोजीत फाइनेंशियल सर्विसेज के शोध प्रमुख विनोद नायर ने कहा, ‘‘गिरावट पर खरीदारी की रणनीति से बाजार में तेजी रही...मझोली और छोटी कंपनियों के शेयर मांग में रहे। कच्चे तेल के दाम में नरमी तथा अगले साल नीतिगत दर में कटौती की उम्मीद से बाजार में मजबूती आई। नीतिगत दर कटौती को अमेरिका में जीडीपी (सकल घरेलू उत्पाद) के आंकड़े उम्मीद से अधिक धीमे रहने तथा डॉलर में कमजोर रुख से समर्थन मिला है।’’
एशिया के अन्य बाजारों में जापान का निक्की लाभ में जबकि दक्षिण कोरिया का कॉस्पी, चीन का शंघाई कम्पोजिट और हांगकांग का हैंगसेंग नुकसान में रहे।
यूरोप के प्रमुख बाजारों में शुरुआती कारोबार में मिला-जुला रुख रहा। अमेरिकी बाजार बृहस्पतिवार को सकारात्मक दायरे में रहा।
वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड 1.01 प्रतिशत की बढ़त के साथ 80. 19 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया।
शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने बृहस्पतिवार को 1,636.19 करोड़ रुपये मूल्य के शेयर बेचे।
सेंसेक्स बृहस्पतिवार को 358.79 और निफ्टी 104.90 अंक मजबूत हुआ था।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Dec 22, 2023 04:28 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

