जरुरी जानकारी | जीडीपी आंकड़ा, वैश्विक संकेतों से शेयर बाजार में तेजी, सेंसेक्स 556 अंक उछला
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Information at LatestLY हिन्दी. मजबूत वैश्विक संकेतों और आर्थिक वृद्धि के बेहतर आंकड़े से उत्साहित घरेलू शेयर बाजारों में शुक्रवार को ऊर्जा, धातु एवं तेल शेयरों में खरीदारी आने से सेंसेक्स 556 अंकों की छलांग लगाने में सफल रहा जबकि निफ्टी फिर से 19,400 के स्तर पर पहुंच गया।
मुंबई, एक सितंबर मजबूत वैश्विक संकेतों और आर्थिक वृद्धि के बेहतर आंकड़े से उत्साहित घरेलू शेयर बाजारों में शुक्रवार को ऊर्जा, धातु एवं तेल शेयरों में खरीदारी आने से सेंसेक्स 556 अंकों की छलांग लगाने में सफल रहा जबकि निफ्टी फिर से 19,400 के स्तर पर पहुंच गया।
बीएसई का 30 शेयरों पर आधारित मानक सूचकांक सेंसेक्स 555.75 अंक यानी 0.86 प्रतिशत चढ़कर 65,387.16 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान एक समय यह 19,435.30 अंक के उच्च स्तर तक पहुंच गया था। सेंसेक्स की 30 में से 26 कंपनियां लाभ में रहीं।
नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का सूचकांक निफ्टी भी 181.50 अंक यानी 0.94 प्रतिशत की तेजी के साथ 19,435.30 अंक पर बंद हुआ। निफ्टी की 50 में से 44 कंपनियां बढ़त के साथ बंद हुईं।
सेंसेक्स में शामिल कंपनियों में से एनटीपीसी में सर्वाधिक 4.84 प्रतिशत की तेजी देखी गई। इसके अलावा जेएसडब्ल्यू स्टील, टाटा स्टील, मारुति सुजुकी, पावर ग्रिड, इंडसइंड बैंक, बजाज फाइनेंस और टेक महिंद्रा भी प्रमुख रूप से बढ़त में रहे।
दूसरी तरफ अल्ट्राटेक सीमेंट, सन फार्मा, नेस्ले और एलएंडटी के शेयर गिरावट के साथ बंद हुए।
जियोजीत फाइनेंशियल सर्विसेज के शोध प्रमुख विनोद नायर ने कहा, "अनुकूल वैश्विक संकेतों, उम्मीद से बेहतर घरेलू विनिर्माण आंकड़े और सकारात्मक जीडीपी आंकड़े आने से घरेलू बाजारों में उत्साह का माहौल रहा। इस दौरान प्रमुख विनिर्माण उद्योगों से जुड़े शेयरों में तेजी रही।"
बीएसई मिडकैप और स्मॉलकैप दोनों सूचकांकों में 0.75-0.75 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई।
बृहस्पतिवार को जारी आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार सेवा क्षेत्र के बेहतर प्रदर्शन से देश की आर्थिक वृद्धि दर (जीडीपी) चालू वित्त वर्ष 2023-24 की पहली तिमाही (अप्रैल-जून) में 7.8 प्रतिशत रही। यह पिछली चार तिमाहियों में सबसे ऊंची वृद्धि दर है।
रेलिगेयर ब्रोकिंग लिमिटेड के वरिष्ठ उपाध्यक्ष (तकनीकी शोध) अजीत मिश्रा ने कहा, "अधिकतर क्षेत्रों ने इस तेजी में योगदान दिया और धातु एवं ऊर्जा शेयरों में सबसे ज्यादा तेजी रही। मिडकैप और स्मॉलकैप क्षेत्र में लगातार खरीदारी आने से बाजार अच्छी बढ़त में रहा।’’
स्वास्थ्य देखभाल को छोड़कर बाकी सभी क्षेत्रों के सूचकांकों में तेजी का माहौल रहा। इसमें धातु सूचकांक में सर्वाधिक 3.32 प्रतिशत की तेजी रही जबकि जनकेंद्रित सेवाओं से जुड़ी कंपनियों सूचकांकों में 3.09 प्रतिशत और दूरसंचार में 2.73 प्रतिशत का सुधार हुआ।
एशिया के अन्य बाजारों में जापान का निक्की, दक्षिण कोरिया का कॉस्पी और चीन का शंघाई कंपोजिट सूचकांक बढ़त के साथ बंद हुए।
यूरोप के ज्यादातर बाजारों में बढ़त के साथ कारोबार चल रहा था। बृहस्पतिवार को अमेरिकी बाजारों में तेजी का माहौल रहा था।
अंतरराष्ट्रीय तेल मानक ब्रेंट क्रूड वायदा 1.26 प्रतिशत चढ़कर 87.92 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया।
शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशकों ने बृहस्पतिवार को 2,973.10 करोड़ रुपये मूल्य के शेयरों की बिकवाली की थी।
प्रेम
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Sep 01, 2023 06:08 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

