देश की खबरें | स्टीवन स्पीलबर्ग ने ‘आरआरआर’ पर एसएस राजामौली से कहा - आपकी फिल्म शानदार है

नयी दिल्ली, 10 फरवरी स्टीवन स्पीलबर्ग ने आखिरकार एसएस राजामौली की फिल्म ‘आरआरआर’ देखी और भारतीय निर्देशक की ‘‘फिल्म के दृश्यांकन की शैली’’ से काफी प्रभावित हुए।

हॉलीवुड के मशहूर निर्देशक ने ‘द फेबलमैन्स’ पर राजामौली के साथ बातचीत में तेलुगू फिल्म को ‘‘शानदार’’ बताया। ‘द फेबलमैन्स’ स्पीलबर्ग की ऑस्कर नामांकित अर्द्ध-जीवनी आधारित फिल्म है।

एंबलिन एंटरटेनमेंट एंड रिलायंस एंटरमेंट द्वारा निर्मित ‘द फेबलमैन्स’ ऑस्कर की सात श्रेणियों में नामांकित हुई है और शुक्रवार को यह भारतीय सिनेमाघरों में रिलीज हुई।

फिल्मकार ने राजामौली से कहा, ‘‘मुझे आपसे कहना ही होगा कि मेरे विचार में आपकी फिल्म शानदार है। जब हम मिले थे तब मैं इसे नहीं देख पाया था, लेकिन पिछले सप्ताह मैंने इसे देखा और यह अद्भुत है। मुझे अपनी आंखों पर यकीन नहीं हुआ। मेरे लिए यह आखों को सुकून देने वाली है।’’

उन्होंने ‘आरआरआर’ के कलाकारों की प्रशंसा की जिसमें राम चरण, जूनियर एनअीआर, आलिया भट्ट के साथ एलिसन डूडी भी हैं जो स्पीलबर्ग की 1989 की फिल्म ‘इंडियाना जोन्स एंड द लास्ट क्रूसेड’ में भी थीं।

स्पीलबर्ग (76) ने कहा, ‘‘...बेहद खूबसूरत दृश्यांकन की शैली है और इसे देखकर, इसे अनुभव कर बहुत अद्भुत महसूस हुआ। इसलिए ‘आरआरआर’ को बधाईयां।’’

‘आरआरआर’ अपने गाने ‘नाटु नाटु’ के लिए ऑस्कर में ‘सर्वश्रेष्ठ गीत’ की श्रेणी में नामांकित हुई है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)