देश की खबरें | पंजाब के बठिंडा में महात्मा गांधी की प्रतिमा टूटी हुई मिली

बठिंडा (पंजाब), 16 जुलाई बठिंडा के रमन मंडी में एक सार्वजनिक पार्क में कुछ अज्ञात लोगों ने महात्मा गांधी की प्रतिमा को तोड़ दिया।

पुलिस सूत्रों ने शनिवार को बताया कि घटना बृहस्पतिवार और शुक्रवार की रात हुई।

स्थानीय लोगों ने इस घटना की कड़ी निंदा की है।

थाना प्रभारी (सदर) हरजोत सिंह मान ने कहा कि मामले की जांच की जा रही है और रमन मंडी थाने में मामला दर्ज किया गया है।

जिला शहरी कांग्रेस के अध्यक्ष अशोक कुमार सिंगला ने घटना में शामिल लोगों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की। वहीं, पुलिस के अधिकारियों ने कहा कि जल्द ही दोषियों को पकड़ लिया जाएगा।

उन्होंने कहा कि अपराधियों का पता लगाने के लिए क्षेत्र में लगे सीसीटीवी की फुटेज की जांच की जा रही है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)