देश की खबरें | सांसदों के निलंबन के खिलाफ गुजरात कांग्रेस का राज्यव्यापी प्रदर्शन
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. कांग्रेस की गुजरात इकाई ने संसद के शीतकालीन सत्र में दोनों सदनों के कुल 146 विपक्षी सदस्यों को निलंबित करने के खिलाफ शुक्रवार को पूरे राज्य में प्रदर्शन किया।
अहमदाबाद, 22 दिसंबर कांग्रेस की गुजरात इकाई ने संसद के शीतकालीन सत्र में दोनों सदनों के कुल 146 विपक्षी सदस्यों को निलंबित करने के खिलाफ शुक्रवार को पूरे राज्य में प्रदर्शन किया।
गुजरात के सूरत शहर में बिना अनुमति प्रदर्शन करने पर पुलिस ने कांग्रेस के कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया।
संसद के शीतकालीन सत्र के दौरान अनुचित व्यवहार, कार्यवाही को बाधित करने और सदन के भीतर तख्तियां दिखाने,नारेबाजी करने पर लोकसभा के 100 और राज्यसभा के 46 सदस्यों को निलंबित कर दिया गया था। विपक्ष ने संसद की सुरक्षा में चूक मामले में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह से बयान देने की भी मांग की थी।
कांग्रेस प्रवक्ता मनीष दोषी ने कहा कि स्थानीय नेताओं, विधायकों और पार्टी कार्यकर्ताओं ने गुजरात के शहरों और जिला मुख्यालयों पर आयोजित प्रदर्शन में हिस्सा लिया।
एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि सूरत में अधिकारियों की अनुमति के बिना प्रदर्शन करने के आरोप में कई कांग्रेस कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया गया।
सूरत में पुलिस वाहन में ले जाए जा रहे एक कार्यकर्ता ने आरोप लगाया, ‘‘ हमें गलत आधार पर गिरफ्तार किया जा रहा है जबकि हम लोकतांत्रिक अधिकारों के तहत प्रदर्शन कर रहे थे।’’
अहमदाबाद में कांग्रेस के नगर अध्यक्ष हिम्मतसिंह पटेल के नेतृत्व में लाल दरवाजा पर प्रदर्शन किया गया जिसमें स्थानीय विधायकों, नेताओं, पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया।
दोषी ने आरोप लगाया, ‘‘ भाजपा की तानाशाही मानसिकता लोकतंत्र के लिए खतरनाक है। मुख्य मुद्दा जिसका सामना देश कर रहा है, वह महंगाई, बेरोजगारी, बढ़ती असमानता, महिला सुरक्षा आदि है। भाजपा कई मोर्चों पर असफल है और सांसदों के सवालों का जवाब देने के बजाय वह उन्हें निलंबित कर सवालों से भाग रही है।’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Dec 22, 2023 05:22 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

