श्रीनगर, दो फरवरी कश्मीर चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री (केसीसीआई) ने दावा किया कि अतिक्रमण के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में कोई पारदर्शिता नहीं है और बृहस्पतिवार को जम्मू-कश्मीर प्रशासन से अपने आश्वासन पर स्पष्ट आदेश जारी करने का आग्रह किया कि आम दुकानदारों को नहीं हटाया जाएगा।
केसीसीआई के अध्यक्ष शेख आशिक ने यहां संवाददाताओं को बताया, “अतिक्रमण के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में कोई पारदर्शिता नहीं है। हम यहां भू-माफिया का बचाव करने के लिए नहीं हैं, लेकिन यह स्पष्ट होना चाहिए कि अतिक्रमणकर्ता कौन है।”
उन्होंने कहा कि कई लोगों के पास वैध राजस्व दस्तावेज हैं लेकिन उन्हें अतिक्रमणकारियों के रूप में सूचीबद्ध किया गया है।
उन्होंने कहा, “सरकार को समस्या का समाधान करना चाहिए। जिन लोगों के पास कुछ दिन पहले तक पट्टे के वैध दस्तावेज थे, वे अब अवैध कब्जेदार हैं। पूरे मामले में अराजकता और भ्रम की स्थिति है।”
बुधवार को लाल चौक में दुकानों को सील करने और फिर से खोलने पर, आशिक ने कहा कि प्रशासन ने चैंबर को आश्वासन दिया है कि दुकानदार प्रभावित नहीं होंगे।
उन्होंने कहा, “हमें आश्वासन दिया गया है कि दुकानदार प्रभावित नहीं होंगे। हम उपराज्यपाल प्रशासन से इस बारे में पारदर्शी आदेश जारी करने का अनुरोध करते हैं।”
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY