एजेंसी न्यूज

देश की खबरें | स्टार्क, फरेरा आईपीएल से बाहर, जैक्स की मुंबई इंडियंस में वापसी, स्टोइनिस भी स्वदेश लौटने को तैयार

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. दिल्ली कैपिटल्स के मिचेल स्टार्क और डोनोवन फरेरा ने इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के बचे मैचों के लिए वापस नहीं लौटने का फैसला किया है जबकि इंग्लैंड के ऑलराउंडर विल जैक्स अंतिम दो लीग मैच के लिए मुंबई इंडियंस से जुड़ेंगे।

देश की खबरें | स्टार्क, फरेरा आईपीएल से बाहर, जैक्स की मुंबई इंडियंस में वापसी, स्टोइनिस भी स्वदेश लौटने को तैयार

नयी दिल्ली, 16 मई दिल्ली कैपिटल्स के मिचेल स्टार्क और डोनोवन फरेरा ने इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के बचे मैचों के लिए वापस नहीं लौटने का फैसला किया है जबकि इंग्लैंड के ऑलराउंडर विल जैक्स अंतिम दो लीग मैच के लिए मुंबई इंडियंस से जुड़ेंगे।

ऑस्ट्रेलियाई तेज गेंदबाज स्टार्क और दक्षिण अफ्रीकी बल्लेबाज फरेरा ने दिल्ली कैपिटल्स प्रबंधन को अपने फैसले से अवगत करा दिया है।

स्टार्क दिल्ली कैपिटल्स के अभियान में अहम खिलाड़ी रहे हैं जिन्होंने 11 मैच में 26.14 के औसत से 14 विकेट झटके हैं जिससे वह टीम के विकेट लेने वाले मुख्य गेंदबाज रहे हैं। उनकी अनुपस्थिति दिल्ली कैपिटल्स की प्लेऑफ की उम्मीदों के लिए एक बड़ा झटका है।

वहीं फरेरा इस सत्र में केवल एक बार ही खेल पाए हैं।

उनके साथी ट्रिस्टन स्टब्स बचे हुए तीन लीग मैच के लिए दिल्ली की टीम में शामिल हो चुके हैं। अगर दिल्ली कैपिटल्स क्वालीफाई करती है तो विश्व टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल की टीम में शामिल स्टब्स प्लेऑफ के लिए उपलब्ध नहीं रहेंगे।

हालांकि दिल्ली कैपिटल्स के उप कप्तान फाफ डुप्लेसी की उपलब्धता पर अभी भी कोई स्पष्टता नहीं है।

वहीं मार्कस स्टोइनिस और जोश इंगलिस पंजाब किंग्स में शामिल होने के लिए सहमत हो गए हैं लेकिन 18 मई को आईपीएल की बहाली के बाद पहला मैच नहीं खेल पाएंगे।

मुंबई इंडियंस के बल्लेबाज जैक्स ने शुक्रवार को ‘इंस्टाग्राम’ पर वापसी के लिए मुंबई की फ्लाइट टिकट की तस्वीर पोस्ट करके अपनी वापसी की पुष्टि की।

लेकिन हमवतन जोस बटलर की तरह जैक्स मुंबई इंडियंस के अंतिम दो लीग मैच खेलने के बाद राष्ट्रीय टीम की प्रतिबद्धता के के लिए रवाना हो जाएंगे क्योंकि आईपीएल के प्लेऑफ वेस्टइंडीज के खिलाफ 29 मई से शुरु हो रही इंग्लैंड की सफेद गेंद की श्रृंखला से टकरा रहे हैं।

मुंबई इंडियंस इस समय अंक तालिका में चौथे स्थान पर है और प्लेऑफ में जगह पक्की करने के लिए उसे अपने बचे हुए दोनों मैच जीतने होंगे।

भारत और पाकिस्तान के बीच तनाव के कारण आईपीएल को एक सप्ताह के निलंबित करने बाद 17 मई से फिर शुरू किया गया है जिससे अब आईपीएल फाइनल तीन जून को होगा।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on May 16, 2025 03:38 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).