देश की खबरें | स्टालिन दूसरी बार द्रमुक के निर्विरोध अध्यक्ष चुने गए

चेन्नई, नौ अक्टूबर द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) के दिग्गज नेता एम के स्टालिन को रविवार को यहां हुई पार्टी की आम परिषद की बैठक में सर्वसम्मति से पार्टी अध्यक्ष चुना गया।

पार्टी सूत्रों के अनुसार, नवगठित आम परिषद की बैठक में स्टालिन को पार्टी के शीर्ष पद के लिए निर्विरोध निर्वाचित घोषित किया गया।

पार्टी के वरिष्ठ नेता दुरईमुरुगन और टी आर बालू को निर्विरोध रूप से क्रमश: महासचिव और कोषाध्यक्ष चुना गया। तीनों नेता दूसरी बार अपने पदों पर निर्वाचित हुए हैं।

मुख्यमंत्री स्टालिन का यहां आम परिषद के बैठक स्थल पहुंचने पर पार्टी कार्यकर्ताओं ने गर्मजोशी से स्वागत किया।

द्रमुक के 15वें संगठनात्मक चुनाव के तौर पर पार्टी अध्यक्ष, महासचिव और कोषाध्यक्ष राज्य में विभिन्न स्तरों पर पार्टी के पदों के चुनाव के बाद निर्वाचित हुए हैं।

दिवंगत एम करुणानिधि के छोटे बेटे 69 वर्षीय स्टालिन द्रमुक के कोषाध्यक्ष और युवा इकाई के सचिव समेत पार्टी के कई पदों पर रह चुके हैं।

स्टालिन को करुणानिधि के निधन के बाद 2018 में पार्टी का निर्विरोध अध्यक्ष चुना गया था। स्टालिन द्रमुक के दूसरे अध्यक्ष हैं।

करुणानिधि 1969 में द्रमुक के पहले अध्यक्ष बने और तब पहली बार पार्टी में अध्यक्ष पद बनाया गया था। द्रविड़ आंदोलन के प्रतीक और द्रमुक के संस्थापक सी एन अन्नादुरई 1969 में अपने निधन तक पार्टी के शीर्ष महासचिव पद पर रहे थे। द्रमुक की स्थापना 1949 में हुई थी।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)