देश की खबरें | स्टालिन ने संविधान को ‘‘वास्तव में संघीय’’ बनाने के लिए समीक्षा की मांग की

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. द्रविड़ मुन्नेत्र कषगम (द्रमुक) अध्यक्ष एवं तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम के स्टालिन ने शनिवार को कहा कि संविधान को वास्तव में संघीय बनाने के लिए इसकी समीक्षा करने की जरूरत है।

तिरुवनंतपुरम, एक अक्टूबर द्रविड़ मुन्नेत्र कषगम (द्रमुक) अध्यक्ष एवं तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम के स्टालिन ने शनिवार को कहा कि संविधान को वास्तव में संघीय बनाने के लिए इसकी समीक्षा करने की जरूरत है।

भाजपा का मुकाबला करने के लिए देशभर में विपक्षी एकता की वकालत करते हुए स्टालिन ने यहां कहा, ‘‘यहां और वहां व्यक्तिगत आवाज ज्यादा काम नहीं आती। यह एकजुट आवाज होनी चाहिए। अगर हम केवल कुछ राज्यों में एकसाथ हैं तो यह पर्याप्त नहीं है। हमें सभी राज्यों में एकजुट होना चाहिए। हमें एक अखिल भारतीय ताकत होना चाहिए।’’

संघवाद और केंद्र-राज्य संबंधों पर भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) के केरल प्रदेश सम्मेलन के सत्र को संबोधित करते हुए स्टालिन ने कहा कि द्रविड़ और वामपंथी आंदोलनों के बीच दोस्ती दो आंदोलनों की उत्पत्ति के दिनों से विकसित हुई।

संघवाद, राज्य स्वायत्तता और धर्मनिरपेक्षता जैसे सिद्धांतों को रेखांकित करते हुए उन्होंने कहा, ‘‘हमारे आदर्श महान हो सकते हैं, लेकिन उनके सफल होने के लिए, विचारधारा का समर्थन करने वाली सभी ताकतों को एकसाथ आना चाहिए।’’

उन्होंने दशकों पहले केंद्र द्वारा केरल और तमिलनाडु में क्रमशः वामपंथी और द्रमुक सरकारों को संविधान के अनुच्छेद 356 का इस्तेमाल करते हुए बर्खास्त करने को याद किया।

उन्होंने कहा, ‘‘संविधान की समीक्षा और पुनर्मूल्यांकन की आवश्यकता है। जब तक भारतीय संविधान को वास्तव में संघीय होने के लिए संशोधित नहीं किया जाता, तब तक हम रुकेंगे नहीं। हमें अपने लक्ष्य के लिए अपनी आवाज को उठाना और काम करना जारी रखना चाहिए।’’

द्रमुक प्रमुख ने ट्वीट किया, ‘‘केंद्र की भाजपा नीत सरकार द्वारा शक्तियों के अत्यधिक केंद्रीकरण के बीच, हमारे संविधान की समीक्षा और पुनर्मूल्यांकन की मांग इसे वास्तव में संघीय बनाने के लिए और अधिक महत्वपूर्ण हो जाती है। हमारे ऊंचे लक्ष्यों को तभी प्राप्त किया जा सकता है, जब प्रगतिशील ताकतें एकजुट होकर एक अखिल भारतीय ताकत बन जाएं।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\