एजेंसी न्यूज

देश की खबरें | श्री रामलला दर्शन योजना: रायपुर संभाग के 850 श्रद्धालु विशेष ट्रेन से अयोध्या धाम के लिए रवाना

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. छत्तीसगढ़ सरकार की 'श्री रामलला दर्शन योजना' के अंतर्गत 850 श्रद्धालुओं का दल मंगलवार को विशेष ट्रेन से अयोध्या धाम के लिए रवाना हुआ।

देश की खबरें | श्री रामलला दर्शन योजना: रायपुर संभाग के 850 श्रद्धालु विशेष ट्रेन से अयोध्या धाम के लिए रवाना

रायपुर, 15 जुलाई छत्तीसगढ़ सरकार की 'श्री रामलला दर्शन योजना' के अंतर्गत 850 श्रद्धालुओं का दल मंगलवार को विशेष ट्रेन से अयोध्या धाम के लिए रवाना हुआ।

अधिकारियों ने बताया कि छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा प्रदेशवासियों की आस्था और श्रद्धा को मूर्त रूप देने के लिए शुरू की गई 'श्री रामलला दर्शन योजना' के अंतर्गत आज रायपुर रेलवे स्टेशन से रायपुर संभाग के 850 श्रद्धालु विशेष ट्रेन से अयोध्या धाम के लिए रवाना हुए।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने श्रद्धालुओं को हार्दिक शुभकामनाएं दीं और उनकी यात्रा के मंगलमय होने की कामना की।

मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘श्रद्धालुओं को हमारे 'भांचा राम' (भांजा राम)- श्रीरामलला के निःशुल्क दर्शन कराने की यह पुण्य यात्रा अनवरत जारी है। यह यात्रा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी की उस गारंटी को साकार कर रही है, जिसमें उन्होंने देश के प्रत्येक नागरिक को प्रभु श्रीराम के दर्शन का अवसर उपलब्ध कराने का संकल्प लिया था।’’

उन्होंने कहा, ‘‘वित्त वर्ष 2025-26 में इस योजना के लिए 36 करोड़ रुपये का बजट स्वीकृत किया गया है। अब तक बीते डेढ़ वर्षों में 27 विशेष ट्रेन छत्तीसगढ़ के विभिन्न संभागों से श्रद्धालुओं को लेकर अयोध्या धाम के लिए रवाना हो चुकी हैं।’’

मुख्यमंत्री ने कहा,‘‘रामलला तीर्थ दर्शन योजना केवल एक धार्मिक यात्रा नहीं, बल्कि छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक चेतना को सशक्त करने की दिशा में एक ऐतिहासिक पहल है। सरकार का उद्देश्य है कि प्रदेश का हर नागरिक, विशेषकर बुज़ुर्ग एवं वंचित वर्ग, अपने जीवन में एक बार प्रभु श्रीराम के जन्मस्थान के दर्शन कर सके।’’

अधिकारियों ने बताया कि वित्त वर्ष 2025-26 की पहली विशेष ट्रेन आज रायपुर रेलवे स्टेशन से अयोध्या धाम के लिए रवाना हुई तथा राजस्व, खेल एवं युवा कल्याण मंत्री टंकराम वर्मा ने दोपहर एक बजे हरी झंडी दिखाकर ट्रेन को रवाना किया।

अधिकारियों के अनुसार ट्रेन के प्रस्थान के दौरान रायपुर रेलवे स्टेशन का प्लेटफॉर्म नंबर सात जय श्रीराम के नारों से गूंज उठा। तीर्थयात्रियों और उनके परिजनों में विशेष उत्साह और श्रद्धा का माहौल देखने को मिला। यात्रियों का पारंपरिक छत्तीसगढ़ी लोकनृत्य और लोकवाद्य से स्वागत किया गया, वहीं आईआरसीटीसी के प्रतिनिधियों द्वारा तिलक लगाकर अभिवादन किया गया।

इस योजना की औपचारिक शुरुआत पांच मार्च 2024 को रायपुर से हुई थी, जब मुख्यमंत्री साय ने स्वयं पहली ट्रेन को रवाना किया था। इसके बाद बिलासपुर, सरगुजा और दुर्ग-बस्तर (संयुक्त) संभागों से भी विशेष ट्रेनों का संचालन हुआ। विगत वर्ष इस योजना के माध्यम से लगभग 22,100 श्रद्धालुओं ने अयोध्या धाम के दर्शन किए।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Jul 15, 2025 09:50 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).