विदेश की खबरें | श्रीलंका के राष्ट्रपति ने राष्ट्रीय सुलह के मुद्दे पर 26 जुलाई को सर्वदलीय बैठक बुलाई
श्रीलंका के प्रधानमंत्री दिनेश गुणवर्धने

कोलंबो, 24 जुलाई श्रीलंका के राष्ट्रपति रानिल विक्रमसिंघे ने राष्ट्रीय सुलह कार्यक्रम पर बुधवार को सर्वदलीय बैठक बुलाई है। एक आधिकारिक बयान में सोमवार को यह जानकारी दी गई।

राष्ट्रीय सुलह कार्यक्रम का मकसद देश में अल्पसंख्यक तमिलों से संबंधित जटिल मुद्दे का समाधान करना है।

राष्ट्रपति के मीडिया प्रभाग की ओर से जारी एक बयान में कहा गया कि विक्रमसिंघे राष्ट्रपति सचिवालय में 26 जुलाई को सर्वदलीय बैठक की अध्यक्षता करेंगे जहां नेताओं को राष्ट्रीय सुलह कार्यक्रम के बारे में सूचित किया जाएगा।

बयान में कहा गया है कि ऐसे सभी राजनीतिक दलों और स्वतंत्र समूहों के नेताओं को निमंत्रण दिया गया है जिनका संसद में प्रतिनिधित्व है।

यह घटनाक्रम राष्ट्रपति की पिछले हफ्ते हुई दो दिवसीय भारत यात्रा के बाद हुआ है। यात्रा के दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से मुलाकात की थी और दोनों नेताओं के बीच व्यापक बातचीत में तमिलों का मुद्दा प्रमुखता से उठा था।

भारतीय प्रधानमंत्री ने श्रीलंकाई संविधान के 13वें संशोधन (13ए) के कार्यान्वयन की आवश्यकता पर प्रकाश डाला था।

भारत 1987 के भारत-श्रीलंका समझौते के बाद लाए गए 13ए को लागू करने के लिए श्रीलंका पर दबाव डाल रहा है। 13ए तमिल समुदाय को सत्ता के हस्तांतरण का प्रावधान करता है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)