एजेंसी न्यूज

विदेश की खबरें | श्रीलंकाई नौसेना ने 12 भारतीय मछुआरों को गिरफ्तार किया

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on world at LatestLY हिन्दी. श्रीलंकाई नौसेना ने देश के जल क्षेत्र में अवैध रूप से मछलियां पकड़ने के आरोप में 12 भारतीय मछुआरों को गिरफ्तार किया है और मछली पकड़ने वाली उनकी दो नौकाओं को जब्त कर लिया है। एक आधिकारिक बयान में रविवार को यह जानकारी दी गई।

विदेश की खबरें | श्रीलंकाई नौसेना ने 12 भारतीय मछुआरों को गिरफ्तार किया

कोलंबो, 13 फरवरी श्रीलंकाई नौसेना ने देश के जल क्षेत्र में अवैध रूप से मछलियां पकड़ने के आरोप में 12 भारतीय मछुआरों को गिरफ्तार किया है और मछली पकड़ने वाली उनकी दो नौकाओं को जब्त कर लिया है। एक आधिकारिक बयान में रविवार को यह जानकारी दी गई।

नौसेना ने बताया कि तलाईमन्नार के उत्तर में समुद्र में गिरफ्तारियां की गईं। उसने कहा कि ये मछुआरे समुद्र में पानी के नीचे तल पर जाल बिछाकर मछलियां पकड़ रहे थे।

उसने कहा, ‘‘तलाईमन्नार के उत्तर में समुद्र में 12 फरवरी की रात को एक अभियान चलाया गया। इस दौरान श्रीलंकाई नौसेना ने मछलियां पकड़ने में इस्तेमाल होने वाली दो भारतीय नौकाओं को जब्त कर लिया और श्रीलंकाई जलक्षेत्र में मछलियां पकड़ रहे 12 भारतीय मछुआरों को गिरफ्तार कर लिया।’’

श्रीलंकाई नौसेना ने इस महीने में तीसरी बार कथित रूप से श्रीलंकाई जलक्षेत्र में भारतीय मछुआरों की गिरफ्तारी की है।

इससे पहले, नौसेना ने आठ फरवरी को भी कथित तौर पर श्रीलंकाई समुद्री सीमा के अंदर मछलियां पकड़ रहे 11 भारतीय मछुआरों को गिरफ्तार किया था और मछली पकड़ने की उनकी तीन नौकाओं को भी जब्त कर लिया था। उसने एक फरवरी को 21 भारतीय मछुआरों को गिरफ्तार किया था।

भारत और श्रीलंका के संबंधों में मछुआरों का मुद्दा एक अड़चन बन रहा है। श्रीलंकाई नौसेना द्वारा पाक जलडमरूमध्य में भारतीय मछुआरों पर गोलीबारी करने और उनकी नौकाओं को जब्त कर लेने की कई कथित घटनाएं हुई हैं।

श्रीलंका और तमिलनाडु के बीच पाक जलडमरूमध्य पानी की एक संकरी पट्टी है, जहां मछलियां बहुतायत में मिलती हैं और दोनों देशों के मछुआरे वहां मछली पकड़ते हैं।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Feb 13, 2022 04:24 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).