एजेंसी न्यूज

विदेश की खबरें | श्रीलंकाई नौसेना ने 10 भारतीय मछुआरों को पकड़ा; उनकी नौका भी जब्त की

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on world at LatestLY हिन्दी. श्रीलंकाई नौसेना ने देश के जल क्षेत्र में कथित तौर पर मछली पकड़ने को लेकर 10 भारतीय मछुआरों को पकड़ लिया और उनकी नौका जब्त कर ली। एक महीने में इस तरह की यह दूसरी घटना है। अधिकारियों ने यहां यह जानकारी दी।

विदेश की खबरें | श्रीलंकाई नौसेना ने 10 भारतीय मछुआरों को पकड़ा; उनकी नौका भी जब्त की
श्रीलंका के प्रधानमंत्री दिनेश गुणवर्धने

कोलंबो, आठ अगस्त श्रीलंकाई नौसेना ने देश के जल क्षेत्र में कथित तौर पर मछली पकड़ने को लेकर 10 भारतीय मछुआरों को पकड़ लिया और उनकी नौका जब्त कर ली। एक महीने में इस तरह की यह दूसरी घटना है। अधिकारियों ने यहां यह जानकारी दी।

श्रीलंकाई नौसेना ने एक प्रेस विज्ञप्ति में कहा कि मछुआरों को मुल्लईतिवु में अलाम्पिल तट के पास सात अगस्त को पकड़ा गया। हिरासत में लिये गए मछुआरे तमिलनाडु से हैं।

नौसेना ने सोमवार को कहा कि उसने मुल्लईतिवु में अलाम्पिल तट के पास श्रीलंकाई जल क्षेत्र में भारतीय नौकाओं को अवैध रूप से मछली पकड़ते देखे जाने के बाद उन्हें खदेड़ने के लिए एक विशेष अभियान चलाया।

इसमें कहा गया है कि अभियान के तहत एक भारतीय नौका जब्त कर ली गई, जो कुछ समय से श्रीलंकाई जल क्षेत्र में थी।

विज्ञप्ति के अनुसार, मछली पकड़ने में इस्तेमाल की जाने वाली नौका और उस पर सवार 10 मछुआरों को त्रिंकोमाली बंदरगाह लाया गया और उन्हें आगे की कार्रवाई के लिए श्रीलंकाई तटरक्षक के जरिये मत्स्यपालन के सहायक निदेशक-त्रिंकोमाली को सौंपा जाएगा।

इससे पहले, 24 जुलाई की रात श्रीलंकाई नौसेना ने देश के जल क्षेत्र में कथित तौर पर मछली पकड़ने को लेकर नौ भारतीय मछुआरों को गिरफ्तार किया था और दो नौकाएं जब्त की थीं।

श्रीलंकाई नौसेना ने इस साल अब तक मछली पकड़ने में इस्तेमाल की जाने वाली 14 भारतीय नौकाएं जब्त की हैं और 93 भारतीय मछुआरों को पकड़ा है।

इस बीच, तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम के स्टालिन ने श्रीलंकाई प्राधिकारों की हिरासत में मौजूद तमिलनाडु के 19 मछुआरों की तुरंत रिहाई सुनिश्चित कराने के लिए सोमवार को विदेश मंत्री एस जयशंकर से हस्तक्षेप करने का आग्रह किया।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Aug 08, 2023 07:44 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).