एजेंसी न्यूज

Tamil Nadu: श्रीलंका ने तमिलनाडु के दो मछुआरों को रिहा किया और एक का शव भी सौंपा

श्रीलंकाई नौसेना ने हाल ही में पकड़े गए दो भारतीय मछुआरों को रिहा कर दिया और शनिवार तड़के अंतरराष्ट्रीय समुद्री सीमा रेखा (आईएमबीएल) के पास उन्हें भारतीय नौसेना को सौंप दिया.

Tamil Nadu: श्रीलंका ने तमिलनाडु के दो मछुआरों को रिहा किया और एक का शव भी सौंपा
Representational image (Photo Credits: pxhere)

चेन्नई, 3 अगस्त : श्रीलंकाई नौसेना ने हाल ही में पकड़े गए दो भारतीय मछुआरों को रिहा कर दिया और शनिवार तड़के अंतरराष्ट्रीय समुद्री सीमा रेखा (आईएमबीएल) के पास उन्हें भारतीय नौसेना को सौंप दिया. एक आधिकारिक विज्ञप्ति में यह जानकारी दी गई. विज्ञप्ति में बताया गया है कि श्रीलंकाई नौसेना ने समुद्र में मारे गए एक अन्य मछुआरे का भी शव सौंपा है. रामेश्वरम में तैनात भारतीय नौसेना के जहाज आईएनएस बित्रा ने श्रीलंकाई नौसेना के जहाज के साथ समन्वय किया. इसके बाद उन्होंने शुक्रवार देर रात करीब एक बजे मछुआरों को नौसेना को सौंप दिया.

विज्ञप्ति में बताया गया कि इसके बाद भारतीय नौसेना का जहाज रामेश्वरम के लिए रवाना हुआ, जहां नौसेना अधिकारी ने तड़के करीब तीन बजे एक मछुआरे का शव और मछुआरों को लेने में समुद्री पुलिस और तमिलनाडु मत्स्य पालन विभाग के साथ समन्वय किया. इसमें बताया गया कि चार भारतीय मछुआरे एक अगस्त को समुद्र में मछली पकड़ने गए थे, लेकिन उनकी नौका श्रीलंकाई नौसेना के जहाज से टकराने के बाद पलट गई थी, जिससे तमिलनाडु के रामेश्वरम के एक मछुआरे की कथित तौर पर मौत हो गई थी. हादसे में एक अन्य मछुआरा लापता हो गया था और दो को श्रीलंकाई नौसेना ने हिरासत में ले लिया था. यह भी पढ़ें : Kerala Landslide: केरल में भूस्खलन मलबे में दबे लोगों को खोजने के लिए रडार की मदद ली जाएगी

एक वरिष्ठ मत्स्य अधिकारी ने बताया कि यह हादसा उस दौरान हुआ था जब श्रीलंकाई नौसेना ने अवैध मछली पकड़ने के आरोप में मछुआरों को गिरफ्तार करने का प्रयास किया था. इसी दौरान उनकी नौका पलट गई थी. उन्होंने बताया कि समुद्र में नौका पलट जाने से एक मछुआरे की कथित तौर पर मौत हो गई, जबकि एक अन्य लापता हो गया और दो लोगों को श्रीलंकाई अधिकारियों ने हिरासत में लिया था.

(The above story first appeared on LatestLY on Aug 03, 2024 11:00 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).