एजेंसी न्यूज

विदेश की खबरें | श्रीलंका ने अवैध रूप से मछलियां पकड़ने के आरोप में 23 भारतीय मछुआरों को गिरफ्तार किया

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on world at LatestLY हिन्दी. श्रीलंकाई नौसेना ने अपने समुद्री क्षेत्र में अवैध रूप से मछलियां पकड़ने के आरोप में 23 भारतीय मछुआरों को गिरफ्तार किया और दो नौकाएं जब्त कर लीं।

विदेश की खबरें | श्रीलंका ने अवैध रूप से मछलियां पकड़ने के आरोप में 23 भारतीय मछुआरों को गिरफ्तार किया
श्रीलंका के प्रधानमंत्री दिनेश गुणवर्धने

कोलंबो, पांच फरवरी श्रीलंकाई नौसेना ने अपने समुद्री क्षेत्र में अवैध रूप से मछलियां पकड़ने के आरोप में 23 भारतीय मछुआरों को गिरफ्तार किया और दो नौकाएं जब्त कर लीं।

श्रीलंकाई नौसेना ने रविवार को एक प्रेस विज्ञप्ति में कहा कि जाफना के उत्तरी डेफ्ट द्वीप से शनिवार को मछुआरों को गिरफ्तार किया गया और उनकी दो नौकाएं जब्त कर ली गयीं।

इसमें बताया गया है कि पकड़े गए 23 मछुआरों और उनकी नौकाओं को कांकेसनथुरई बंदरगाह ले जाया गया और उन्हें आगे की कार्रवाई के लिए मैलादी मत्स्य निरीक्षक को सौंपा जाएगा।

बयान में कहा गया है, ‘‘श्रीलंकाई नौसेना ने तीन फरवरी 2024 की रात को श्रीलंकाई जलक्षेत्र से मछली पकड़ने वाली भारतीय नौकाओं का पीछा करने के लिए एक विशेष अभियान चलाया। अभियान के तहत दो भारतीय नौकाओं को जब्त किया गया और जाफना में डेफ्ट द्वीप के तट पर श्रीलंका के उत्तरी जल क्षेत्र में अवैध रूप से मछली पकड़ रहे 23 भारतीय नागरिकों को पकड़ा।’’

श्रीलंका की नौसेना विदेशी नौकाओं द्वारा अवैध रूप से मछली पकड़ने पर लगाम लगाने के लिए अपने समुद्री क्षेत्र में नियमित गश्त करती है और अभियान चलाती है।

भारत और श्रीलंका के बीच संबंधों में मछुआरों का मुद्दा विवादास्पद है। श्रीलंकाई नौसैनिकों ने कई बार पाक जलडमरू में भारतीय मछुआरों पर गोलीबारी भी की है।

पाक जलडमरू तमिलनाडु को श्रीलंका से अलग करने वाली एक संकीर्ण जलसंधि है और दोनों देशों के मछुआरों के लिए मछली पकड़ने के लिहाज से समृद्ध क्षेत्र है।

श्रीलंका ने जनवरी में भारत के 36 मछुआरों को गिरफ्तार किया था।

उसने 2023 में 240 भारतीय मछुआरों को गिरफ्तार किया था और 35 नौकाएं जब्त की थीं।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Feb 05, 2024 11:20 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).