एजेंसी न्यूज

Sri Lanka: श्रीलंका ने 18 भारतीय मछुआरों को गिरफ्तार किया

श्रीलंका की नौसेना ने उसकी समुद्री सीमा में कथित रूप से मछली पकड़ने पर 18 भारतीय मछुआरों को गिरफ्तार कर लिया और उनकी नौकाएं जब्त कर ली। यहां बुधवार को जारी एक आधिकारिक बयान में यह जानकारी दी गई.

Sri Lanka: श्रीलंका ने 18 भारतीय मछुआरों को गिरफ्तार किया
Fishing | Representational image (Photo Credits: pxhere)

कोलंबो, 17 जनवरी: श्रीलंका की नौसेना ने उसकी समुद्री सीमा में कथित रूप से मछली पकड़ने पर 18 भारतीय मछुआरों को गिरफ्तार कर लिया और उनकी नौकाएं जब्त कर ली। यहां बुधवार को जारी एक आधिकारिक बयान में यह जानकारी दी गई. भारतीय मछुआरों को कथित तौर पर श्रीलंका की जलसीमा में मछली पकड़ने की वजह से गिरफ्तार करने की यह तीसरी घटना है.

श्रीलंका की नौसेना ने यहां एक प्रेस विज्ञप्ति में बताया कि उत्तरपूर्व में मन्नार तट से सटे समुद्री क्षेत्र में मंगलवार को इन मछुआरों को गिरफ्तार किया गया और उनकी नौकाएं जब्त कर ली गई हैं. उसने बताया कि पकड़े गये इन 18 मछुआरों को मन्नार के तालपाडू पायर ले जाया गया और उन्हें आगे की कार्रवाई के लिए तलाईमन्नार के मात्स्यिकी निरीक्षक के हवाले कर दिया गया.

रविवार को, श्रीलंका की समुद्री सीमा में कथित रूप से मछली पकड़ने को लेकर 10 भारतीय मछुआरों को गिरफ्तार किया गया था और उनकी नौकाएं जब्त कर ली गयी थीं. उससे पहले ऐसी ही घटना में 12 भारतीय मछुआरे पकड़े गये थे. मछुआरों का मुद्दा भारत और श्रीलंका के रिश्तों में गतिरोध का कारण है.

श्रीलंका के नौसैनिक देश की कथित समुद्री सीमा में मछली पकड़ने पर भारतीय मछुआरों पर गोलीबारी भी करते हैं और उनकी नौकाएं जब्त कर लेते हैं. तमिलनाडु को श्रीलंका से अलग करने वाला पाक जलडमरूमध्य दोनों देशों के मछुआरों के लिए मात्स्यिकी के लिहाज से प्रमुख क्षेत्र है.

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Jan 17, 2024 03:44 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).