देश की खबरें | हॉकी इंडिया पुरस्कारों में कई वर्गों के पुरस्कार की दौड़ में श्रीजेश, सविता, हरमनप्रीत
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. हॉकी इंडिया ने 31 मार्च को यहां होने वाले अपने सालाना पुरस्कार समारोह के लिए नामांकित खिलाड़ियों की घोषणा की जिसमें अनुभवी गोलकीपर पी आर श्रीजेश और सविता पूनिया क्रमशः पुरुष और महिला वर्ग में वर्ष के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी के पुरस्कार की दौड़ में शामिल हैं।
नयी दिल्ली, 26 मार्च हॉकी इंडिया ने 31 मार्च को यहां होने वाले अपने सालाना पुरस्कार समारोह के लिए नामांकित खिलाड़ियों की घोषणा की जिसमें अनुभवी गोलकीपर पी आर श्रीजेश और सविता पूनिया क्रमशः पुरुष और महिला वर्ग में वर्ष के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी के पुरस्कार की दौड़ में शामिल हैं।
पूर्व कप्तान श्रीजेश और पूनिया भारत के लिए लगातार अच्छा प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ी रहे हैं जिससे उन्हें वर्ष के सर्वश्रेष्ठ गोलकीपर पुरस्कार के लिए भी नामांकित किया गया है।
भारत की पुरुष टीम के कप्तान और डिफेंडर हरमनप्रीत सिंह को भी दो वर्गों के पुरस्कारों में नामांकित किया गया है। वह वर्ष के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी के साथ वर्ष के सर्वश्रेष्ठ डिफेंडर पुरस्कार के लिए भी दावेदार होंगे।
दोनों वर्गों में वर्ष के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी के पुरस्कार के लिए 25-25 लाख रुपये जबकि गोलकीपिंग ट्रॉफी जीतने वाले खिलाड़ी को पांच लाख रुपये मिलेंगे।
हॉकी इंडिया की विज्ञप्ति के अनुसार आठ वर्गों में कुल 32 खिलाड़ियों को नामांकित किया गया है और पुरस्कारों की कुल राशि 7.56 करोड़ रुपये होगी।
हॉकी इंडिया ने कहा, ‘‘ हॉकी इंडिया मेजर ध्यानचंद लाइफटाइम अचीवमेंट पुरस्कार में 30 लाख रुपये का सबसे बड़ा नकद पुरस्कार होगा जो वर्षों से खेल में असाधारण योगदान करने वाले खिलाड़ी को दिया जायेगा। ’’
अंडर-21 खिलाड़ियों के लिए वर्ष के उभरते हुए पुरुष खिलाड़ी के लिए जुगराज सिंह पुरस्कार और वर्ष की उभरती हुई महिला खिलाड़ी के लिए असुंता लाकड़ा पुरस्कार दिया जायेगा जिसमें प्रत्येक को 10 लाख रुपये का नकद पुरस्कार मिलेगा।
वर्ष के सर्वश्रेष्ठ डिफेंडर के लिए परगट सिंह पुरस्कार, वर्ष के सर्वश्रेष्ठ मिडफील्डर के लिए अजीत पाल सिंह पुरस्कार और वर्ष के सर्वश्रेष्ठ फॉरवर्ड के लिए धनराज पिल्लै पुरस्कार की पुरस्कार राशि पांच लाख रुपये होगी।
हॉकी इंडिया के अध्यक्ष दिलीप कुमार टिर्की ने कहा, ‘‘हाल के दिनों में पुरुष और महिला दोनों टीम के शानदार प्रदर्शन को देखते हुए नामांकित खिलाड़ियों का चयन करना एक चुनौतीपूर्ण काम था। ’’
महासचिव भोला नाथ सिंह ने कहा, ‘‘ये पुरस्कार समर्पण, प्रतिभा और जुनून के प्रमाण के तौर पर काम करते हैं जो हमारे एथलीट, कोच, अंपायर और अधिकारी मैच के दिन मैदान पर दिखाते हैं। ’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Mar 26, 2024 04:56 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

