इरफान खान के निधन से शोकाकुल हुआ खेल जगत
इरफान का बुधवार को मुंबई के एक अस्पताल में निधन हो गया। वह 54 वर्ष के थे और लंबे समय से कैंसर से जूझ रहे थे।
नयी दिल्ली, 29 अप्रैल भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान विराट कोहली और महान खिलाड़ी सचिन तेंदुलकर सहित विभिन्न खेलों के खिलाड़ियों ने बालीवुड अभिनेता इरफान खान के निधन पर शोक व्यक्त किया।
इरफान का बुधवार को मुंबई के एक अस्पताल में निधन हो गया। वह 54 वर्ष के थे और लंबे समय से कैंसर से जूझ रहे थे।
पूर्व क्रिकेटर युवराज सिंह भी कैंसर को मात देकर खेल में वापसी कर चुके हैं। उन्होंने ट्वीट किया, ‘‘ मैं उनका दर्द जानता हूं और मैं जानता हूं कि वह अंत तक लड़े। कुछ भाग्यशाली होते हैं जो बच जाते हैं, कुछ ऐसा नहीं कर पाते। पूरा भरोसा है कि अब आप बेहतर जगह पर होंगे, आपके परिवार को मेरी संवेदनायें इरफान खान। भगवान उनकी आत्मा को शांति दे।’’
भारतीय कप्तान विराट कोहली ने ट्वीट किया, ‘‘इरफान खान के निधन की खबर सुनकर काफी दुखी हूं। कितनी अद्भुत प्रतिभा और उन्होंने अपनी बहुमुखी प्रतिभा से सभी का दिल जीत लिया था। भगवान उनकी आत्मा को शांति दे। ’’
तेंदुलकर ने कहा कि इरफान उनके पसंदीदा अभिनेता थे और उन्होंने उनकी सभी फिल्में देखी हैं।
तेंदुलकर ने ट्वीट किया, ‘‘इरफान खान के निधन की खबर सुनकर बहुत दुख हुआ। वह मेरे पसंदीदा कलाकारों में से एक थे, मैंने उनकी लगभग सारी फिल्में देखी हैं, अखिरी वाली ‘अंग्रेजी मीडियम’ थी। वह बहुत सहज अभिनेता थे, शानदार। उनकी आत्मा को शांति मिले। उनके परिवार वालों को संवेदनायें। ’’
पूर्व सलामी बल्लेबाज वीरेंद्र सहवाग ने ट्वीट किया, ‘‘ बेहतरीन अभिनेता, बेहतरीन प्रतिभा। उनके परिवार और उनके चाहने वालों के प्रति संवेदनायें। ’’
सलामी बल्लेबाज शिखर धवन ने लिखा, ‘‘उनकी आत्मा को शांति मिले। हमेशा अभिनेता और कलाकार के तौर पर आपके लाजवाब काम का लुत्फ उठाया। उनके परिवार के प्रति गहरी संवेदनायें और प्रार्थना। ’’
सुरेश रैना ने ट्वीट किया, ‘‘ इरफान खान के निधन की खबर सुनकर बहुत दुखी हूं। वह सच्चे अभिनेता थे जिनमें अपार प्रतिभा और काबिलियत मौजूद थी। उनकी काफी कमी खलेगी। उनके परिवार के प्रति दिल से संवेदनायें। ’’
पूर्व क्रिकेटर मोहम्मद कैफ ने लिखा, ‘‘ इरफान खान के निधन की खबर सुनकर दुखी हूं। उनके परिवार के प्रति गहरी संवदनायें। वह मेरे पसंदीदा अभिनेताओं में से एक थे, इतनी जल्दी चले गये। उनका काम हमेशा जीवित रहेगा। भगवान उनकी आत्मा को शांति दे। ’’
तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी ने ट्वीट किया, ‘‘इरफान खान के निधन की खबर सुनकर दुखी हूं। पूरे परिवार के लिये संवेदनायें। बेहतरीन कलाकार। भगवान उनकी आत्मा को शांति दे। ’’
भारतीय फुटबाल टीम ने अधिकारिक ट्विटर पर लिखा, ‘‘हम इरफान खान के असमय निधन पर शोक व्यक्त करते हैं जिन्होंने अपने स्क्रीन पर अपनी अभिनय से सभी के दिल को छुआ। भगवान उनकी आत्मा को शांति दे। ’’
भारतीय फुटबाल टीम के कप्तान सुनील छेत्री ने लिखा, ‘‘खान साहब, आपने जो कुछ किया, उसमें आप लाजवाब थे और यह हमेशा जिंदा रहेगा। अपनी कला को हमारे तक पहुंचाने का शुक्रिया। शोकाकुल परिवार वालों को भगवान मजबूती प्रदान करे। ’’
भारतीय बैडमिंटन स्टार खिलाड़ी साइना नेहवाल ने ट्वीट किया, ‘‘इस महान कलाकार के साथ एक विज्ञापन की शूटिंग की थी, शानदार यादें सर। भगवान उनकी आत्मा को शांति दे। ’’
भारतीय टेनिस खिलाड़ी रोहन बोपन्ना ने ट्वीट किया, ‘‘प्रतिभाशाली अभिनेता इरफान खान के निधन की खबर सुनकर बहुत दुखी हूं। उनके परिवार और दोस्तों को संवेदनायें। ’’
भारतीय महिला हाकी टीम की कप्तान रानी रामपाल ने लिखा, ‘‘इरफान खान के असामयिक निधन की खबर सुनकर बहुत दुखी हूं। बेहतरीन अभिनेता, इतनी जल्दी चला गया। भगवान उनकी आत्मा को शांति दे। ’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Apr 29, 2020 04:06 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

