जरुरी जानकारी | स्पाइसजेट का निदेशक मंडल 23 जुलाई को क्यूआईपी के जरिए नई पूंजी जुटाने पर बैठक करेगी
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Information at LatestLY हिन्दी. किफायती विमानन सेवा प्रदाता कंपनी स्पाइसजेट का निदेशक मंडल 23 जुलाई को बैठक करेगा, जिसमें योग्य संस्थागत नियोजन (क्यूआईपी) के जरिए नई पूंजी जुटाने पर विचार किया जाएगा।
मुंबई, 19 जुलाई किफायती विमानन सेवा प्रदाता कंपनी स्पाइसजेट का निदेशक मंडल 23 जुलाई को बैठक करेगा, जिसमें योग्य संस्थागत नियोजन (क्यूआईपी) के जरिए नई पूंजी जुटाने पर विचार किया जाएगा।
एयरलाइन ने शुक्रवार को शेयर बाजार को दी सूचना में कहा, “... स्पाइसजेट लिमिटेड के निदेशक मंडल की बैठक 23 जुलाई, 2024 (मंगलवार) को होगी, जिसमें अन्य बातों के साथ-साथ योग्य संस्थागत नियोजन के माध्यम से योग्य संस्थागत खरीदारों को पात्र प्रतिभूतियां जारी करके नई पूंजी जुटाने पर विचार और अनुमोदन किया जाएगा...।”
इस वर्ष जनवरी में स्पाइसजेट को बीएसई से 2,242 करोड़ रुपये के पूंजी निवेश के लिए सैद्धांतिक मंजूरी मिली थी और उसने दो किस्तों में तरजीही निर्गम के तहत 1,060 करोड़ रुपये जुटाए थे।
गुरुग्राम स्थित एयरलाइन का 2023-24 की जनवरी-मार्च तिमाही के लिए एकीकृत शुद्ध लाभ कई गुना वृद्धि के साथ 119 करोड़ रुपये रहा था। वित्त वर्ष 2022-23 की समान तिमाही में कंपनी का एकीकृत शुद्ध लाभ सिर्फ 16.85 करोड़ रुपये रहा था।
पूरे वित्त वर्ष 2023-24 के लिए कंपनी को 409.43 करोड़ रुपये का शुद्ध घाटा हुआ था। कंपनी को 2022-23 में 1,503 करोड़ रुपये का घाटा हुआ था।
एयरलाइन कई तिमाहियों से अपने परिचालन को बनाए रखने के लिए संघर्ष कर रही है। कंपनी ने कथित तौर पर जनवरी से अपने 11,581 कर्मचारियों के खातों में कर्मचारी भविष्य निधि अंशदान जमा नहीं किया है।
विमान बेड़े पर नज़र रखने वाली वेबसाइट प्लेन्सस्पॉटर.नेट के अनुसार, 19 जुलाई तक 33 विमान विभिन्न कारणों से ठप खड़े थे। इनमें 15 बोइंग 737 और 18 क्षेत्रीय जेट क्यू400 थे।
स्पाइसजेट के पास कुल 60 विमान हैं, जिनमें 32 बोइंग 737 और 24 क्यू400 शामिल हैं।
इसके अलावा, इसके पास दो एयरबस 340 और दो एयरबस ए320 भी हैं।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Jul 19, 2024 11:00 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

