एजेंसी न्यूज

देश की खबरें | श्रावण के पहले सोमवार के लिए काशी विश्वनाथ धाम में विशेष तैयारियां

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. उत्तर प्रदेश सरकार ने श्रावण के पहले सोमवार के लिए खास व्यवस्थाएं की हैं और इस मौके पर काशी विश्वनाथ धाम में भव्य उत्सव मनाया जाएगा।

देश की खबरें | श्रावण के पहले सोमवार के लिए काशी विश्वनाथ धाम में विशेष तैयारियां

वाराणसी (उप्र), 13 जुलाई उत्तर प्रदेश सरकार ने श्रावण के पहले सोमवार के लिए खास व्यवस्थाएं की हैं और इस मौके पर काशी विश्वनाथ धाम में भव्य उत्सव मनाया जाएगा।

राज्य सरकार द्वारा रविवार को यहां जारी एक बयान के मुताबिक, श्रावण मास के पहले सोमवार को बाबा विश्वनाथ की शोभायात्रा में शामिल मूर्ति को विशेष रूप में सजाया जाएगा। पूरे श्रावण माह में हर सोमवार को मूर्ति को अलग-अलग रूपों में सुसज्जित किया जाएगा और सभी चार सोमवारों और पूर्णिमा के दिन विशेष श्रृंगार की योजना बनाई गई है।

बयान के अनुसार, हर सोमवार को भक्तों को बाबा विश्वनाथ के विविध दिव्य रूपों के दर्शन का अनूठा अनुभव होगा। तीर्थयात्री जलाभिषेक के लिए मंदिर तक आसानी से पहुंच सकें, इसके लिये उचित व्यवस्थाएं की गई हैं और सुरक्षा उपायों को मजबूत किया गया है।

सावन के पहले सोमवार को श्रद्धालुओं और कांवड़ियों का स्वागत लाल कालीन बिछाकर पुष्प वर्षा से होगा।

श्री काशी विश्वनाथ मंदिर न्यास के मुख्य कार्यपालक अधिकारी विश्वभूषण मिश्र ने बताया कि श्रावण के पहले सोमवार को महादेव की मूर्ति का श्रृंगार होगा और श्रद्धालुओं को बाबा विश्वनाथ के नीलकंठ स्वरूप के दर्शन का मौका मिलेगा।

बयान के मुताबिक, भीड़ प्रबंधन के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं और श्रद्धालुओं के लिए धाम में समय-समय पर ग्लूकोज, ओआरएस घोल आदि का वितरण किया जाएगा। पेयजल काउंटर और गुड़ की व्यवस्था भी रहेगी। भक्तों की सुविधा के लिए धाम में खोया-पाया केंद्र बनाया गया है, जिसमें बहुभाषी कर्मी तैनात किए जाएंगे।

काशी विश्वनाथ धाम में आने वाले श्रद्धालुओं के लिए कुल पांच स्थानों पर चिकित्सकों की टीम तैनात की गई है। मंदिर में दो एंबुलेंस रहेगी। इनमें एक एंबुलेंस में ‘एडवांस लाइफ सपोर्ट’ की सुविधा होगी, जो किसी भी आकस्मिक स्थिति के लिए तत्पर रहेगी।

बयान के अनुसार, गर्भगृह के दर्शन पूजन का सीधा प्रसारण किया जायेगा। धाम में एलईडी टीवी लगाई गई है। इसके अलावा घाटों पर रेलवे स्टेशन और गोदौलिया चौराहे समेत छह स्थानों पर एलईडी टीवी के माध्यम से सीधे प्रसारण के जरिए बाबा का दर्शन किया जा सकेगा। यूट्यूब से बाबा के दर्शन की ‘लाइव स्ट्रीमिंग’ की जाएगी जिससे पूरे विश्व में शिव भक्त सावन में अपने आराध्य के दर्शन कर पाएंगे।

पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने बताया कि प्रयागराज-वाराणसी मार्ग की एक लेन कांवड़ियों के लिए सुरक्षित रहेगी और 10 त्वरित प्रतिक्रिया दल 24 घंटे तैनात रहेंगे। सावन में कांवड़ियों की सुरक्षा और सुविधा के लिए 200 सीसीटीवी कैमरे और आठ ड्रोन से निगरानी की जाएगी।

पुलिस आयुक्त ने बताया कि 20 से अधिक मोटर साइकिल दस्ते सड़कों पर गश्त करेंगे और लगभग 1,500 पुलिसकर्मी 24 घंटे तैनात रहेंगे। पुलिस कर्मी सादे कपड़ों में भी गश्त करते रहेंगे।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Jul 14, 2025 12:18 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).