देश की खबरें | ‘हिंसा प्रभावित मणिपुर में फंसे छात्रों को वापस लाने के लिए विशेष उड़ान की व्यवस्था की जाएगी’

मुंबई, सात मई महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने रविवार को कहा कि हिंसा प्रभावित मणिपुर में फंसे राज्य के विद्यार्थियों को पहले असम भेजा जाएगा, जहां से उन्हें घर वापस लाने के लिए एक विशेष उड़ान की व्यवस्था की जाएगी।

पूर्वोत्तर राज्य मणिपुर में आदिवासियों और बहुसंख्यक मेइती समुदाय के सदस्यों के बीच हाल ही में हिंसक झड़पें हुईं, जिसमें अब तक 13,000 से अधिक लोग विस्थापित हुए हैं और कम से कम 54 लोग मारे गए हैं।

बहुसंख्यक मेइती समुदाय द्वारा उसे अनुसूचित जनजाति (एसटी) का दर्जा दिए जाने की मांग के विरोध में ‘ऑल ट्राइबल स्टूडेंट यूनियन मणिपुर’ (एटीएसयूएम) की ओर से बुधवार को आयोजित ‘आदिवासी एकजुटता मार्च’ के दौरान चुराचांदपुर जिले के तोरबंग क्षेत्र में हिंसा भड़क गई थी, जो धीरे-धीरे पूरे राज्य में फैल गई थी।

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री शिंदे ने एक आधिकारिक बयान में कहा कि उनकी सरकार मणिपुर की स्थिति पर नजर रख रही है। उपमुख्यमंत्री देवेन्द्र फडणवीस ने भी प्रभावित छात्रों की मदद करने का वादा किया है।

शिंदे ने कहा, ‘‘महाराष्ट्र के 22 छात्र मणिपुर में हैं। मैंने उनमें से दो-विकास शर्मा और तुषार अवहाद से बातचीत की है, और उन्हें घर वापस लाने के लिए विशेष उड़ान की व्यवस्था करने का भरोसा दिलाया है। मैंने उनसे किसी भी परिस्थिति से भयभीत नहीं होने को कहा है। उन्हें सुरक्षित वापस लाने के लिए राज्य हर संभव व्यवस्था कर रहा है।’’

विज्ञप्ति में कहा गया है कि छात्र मणिपुर में स्थित प्रौद्योगिकी संस्थानों में पढ़ाई कर रहे हैं।

मुख्यमंत्री शिंदे ने कहा, ‘‘मैंने सभी जरूरी व्यवस्था करने के लिए महाराष्ट्र के मुख्य सचिव मनोज सौनिक और राज्य के अन्य अधिकारियों से भी बतचीत की है। हम हालात पर करीब से नजर रख रहे हैं।’’

बाद में शिंदे के कार्यालय से एक आधिकारिक बयान में कहा गया कि उन्होंने मणिपुर के मुख्यमंत्री एन बीरेन सिंह और असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा से फोन पर बात की और महाराष्ट्र के छात्रों को घर लौटने के लिए सुरक्षित मार्ग प्रदान करने पर चर्चा की।

बयान के मुताबिक, छात्रों को पहले असम भेजा जाएगा और वहां से उनके लिए घर लौटने के लिए एक विशेष उड़ान की व्यवस्था की जाएगी।

बयान में कहा गया है कि शिंदे ने इस संबंध में शर्मा से संपर्क किया है।

शिंदे के कार्यालय ने कहा कि महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री ने शिवसेना के मणिपुर राज्य प्रमुख से भी फोन पर बात की है और उनसे स्थानीय स्तर पर सभी आवश्यक सहायता प्रदान करने के लिए कहा है।

महाराष्ट्र विधानसभा में विपक्ष के नेता अजीत पवार ने पुणे के बारामती में संवाददाताओं से कहा कि उन्होंने मणिपुर से छात्रों को सुरक्षित वापस लाने के लिए मुख्यमंत्री शिंदे और उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को पत्र लिखा है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)