देश की खबरें | राजस्थान विधानसभा का 14 नवंबर को विशेष बाल सत्र

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. बच्चों को विधानसभा के कामकाज के बारे में अवगत कराने के लिये राजस्थान विधानसभा में 14 नवंबर को पहली बार विशेष बाल सत्र आयोजित किया जायेगा।

जयपुर, नौ नवंबर बच्चों को विधानसभा के कामकाज के बारे में अवगत कराने के लिये राजस्थान विधानसभा में 14 नवंबर को पहली बार विशेष बाल सत्र आयोजित किया जायेगा।

राज्य की जनता से जुडे मुद्दों को उठाने के लिये बच्चे मुख्यमंत्री, विधानसभा अध्यक्ष, विपक्ष के नेता और सदस्यों की भूमिका में नजर आयेंगे।

एक अधिकारिक बयान के अनुसार सत्र में प्रश्नकाल और शून्यकाल होगा जिसमें छात्र उत्तर पाने के लिये मुद्दों के प्रश्न उठायेंगे। राजस्थान विधानसभा देश की पहली ऐसी विधानसभा होगी जहां बाल सत्र का आयोजन किया जायेगा। इस विधानसभा सत्र का संचालन बच्चों द्वारा किया जायेगा।

लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला, विधानसभा अध्यक्ष सी पी जोशी, मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और प्रतिपक्ष के नेता गुलाब चंद कटारिया सहित राजस्थान विधानसभा के सदस्य बच्चों द्वारा आयोजित सत्र के साक्षी होंगे।

सत्र का संचालन राष्ट्रमंडल संसदीय संघ की राजस्थान शाखा के तत्वावधान में विधानसभा में होगा।

विधानसभा अध्यक्ष सी पी जोशी ने बताया कि भावी पीढी को सदन चलाने, सवाल पूछने और अनुशासन के साथ अपने विचार व्यक्त करने का मौका दिया गया है।

सत्र में शामिल होने के लिये बच्चे सदन में सवाल पूछने, जवाब देने और विधायकों के कामकाज को समझने का पूर्वाभ्यास कर रहे हैं। बाल दिवस और देश के पहले प्रधानमंत्री पंडित जवाहर लाल नेहरू की जयंती पर आयोजित होने वाले अनोखे सत्र में बच्चे कुर्ता और पायजामा पहने नजर आयेंगे।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\