देश की खबरें | बुंदेलखंड में सपा कार्यकर्ताओं ने ट्रैक्टर रैली निकाली, झड़प

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. बुंदेलखंड के कई जिलों में समाजवादी पार्टी (सपा) के कार्यकर्ताओं ने नए कृषि कानूनों के खिलाफ गणतंत्र दिवस पर ट्रैक्टर रैली निकाली। कई जगह पुलिस से सपा कार्यकर्ताओं की तीखी नोक-झोंक भी हुई।

बांदा (उप्र), 26 जनवरी बुंदेलखंड के कई जिलों में समाजवादी पार्टी (सपा) के कार्यकर्ताओं ने नए कृषि कानूनों के खिलाफ गणतंत्र दिवस पर ट्रैक्टर रैली निकाली। कई जगह पुलिस से सपा कार्यकर्ताओं की तीखी नोक-झोंक भी हुई।

पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि बांदा मुख्यालय में किसानों के साथ समाजवादी पार्टी (सपा) कार्यकर्ताओं ने नए कृषि कानूनों के खिलाफ मंगलवार को गणतंत्र दिवस के अवसर पर ट्रैक्टर रैली निकाली, लेकिन उन्हें मंडी समिति रोड पर रोक दिया गया।

अतर्रा थाना प्रभारी निरीक्षक (एसएचओ) अखिलेश यादव ने बताया कि कुछ किसानों ने तुर्रा गांव के पास ट्रैक्टर रैली लेकर राजमार्ग में चढ़ने की कोशिश की, लेकिन किसानों को आगे नहीं बढ़ने दिया गया।

महोबा जिले में किसानों के साथ सपा कार्यकर्ता और गुलाबी गैंग की महिलाओं ने दो दर्जन ट्रैक्टरों के साथ रैली निकाली। नगर कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक शशि कुमार पांडेय ने बताया कि प्रदर्शनकारियों से पुलिस का कोई टकराव नहीं हुआ।

चित्रकूट जिला मुख्यालय में सपा कार्यकर्ताओं ने ट्रैक्टर रैली निकाली और शहर में घुसने की कोशिश की, जिसे पुलिस ने रोक दिया। रैली रोके जाने पर प्रदर्शकारी और पुलिस के बीच तीखी नोक-झोंक हुई।

हमीरपुर जिले के राठ कस्बे में सपा कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच रैली निकालने पर बहस हुई। इस दौरान पुलिस पर अभद्रता का आरोप लगाकर पूर्व ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि सत्यपाल यादव ने कस्बे के मुख्य मार्ग पर स्टेट बैंक चौराहे पर काफी हंगामा किया। बाद में यादव को पुलिस जबरन ले जाने लगी, जिसका विरोध कर रहे सपा कार्यकर्ता पुलिस जीप के सामने लेट गए।

ललितपुर जिले में किसान और सपाइयों ने ट्रैक्टर रैली निकालकर नए कृषि कानूनों का विरोध किया है।

फतेहपुर जिले में पिछले 38 दिन से चल रहा किसानों का अनिश्चितकालीन धरना प्रशासन ने आज समाप्त करवा दिया है।

किसान नेता वीरेंद्र पटेल ने आरोप लगाया कि पुलिस ने कुछ किसान नेताओं को सुबह से ही हिरासत में ले लिया था और जेल भेजने की धमकी दी थी। इस दौरान शहर के नहर कॉलोनी में 38 दिन से चल रहे धरने को उपजिलाधिकारी और सीओ ने जबरन समाप्त करवा दिया है।

सं. जफर

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\