देश की खबरें | सपा विधायक पारसनाथ यादव का निधन : अखिलेश, योगी और दीक्षित ने व्यक्त किया शोक
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. उन्हें सपा संस्थापक मुलायम सिंह यादव का अत्यंत करीबी माना जाता था। वह लंबे समय से बीमार चल रहे थे। उन्होंने जौनपुर स्थित अपने आवास में अंतिम सांस ली।
उन्हें सपा संस्थापक मुलायम सिंह यादव का अत्यंत करीबी माना जाता था। वह लंबे समय से बीमार चल रहे थे। उन्होंने जौनपुर स्थित अपने आवास में अंतिम सांस ली।
उत्तर प्रदेश सरकार में तीन बार मंत्री, दो बार सांसद और सात बार विधायक रहे 73 वर्षीय यादव जौनपुर की मल्हनी विधानसभा सीट से विधायक थे। उनके परिवार में तीन पुत्र और एक पुत्री हैं।
उनके निधन की जानकारी प्रगतिशील समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष शिवपाल सिंह यादव ने ट्वीट के जरिए दी।
शिवपाल ने कहा, ''वरिष्ठ समाजवादी नेता, पूर्व मंत्री एवं विधायक पारसनाथ यादव जी के निधन की खबर से स्तब्ध और दुःखी हूं। यह समाजवादी आंदोलन और मेरी व्यक्तिगत क्षति है। ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें । मैं शोकसंतप्त परिजनों के प्रति अपनी संवेदना प्रकट करता हूं ।''
समाजवादी पार्टी कार्यालय में पार्टी का ध्वज आधा झुका दिया गया । पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने पारसनाथ के निधन पर गहरा शोक जताते हुए दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की । उन्होंने शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना भी व्यक्त की है ।
पारसनाथ यादव के निधन पर समाजवादी पार्टी मुख्यालय में शोकसभा हुई जिसमें अखिलेश, पूर्व कैबिनेट मंत्री अहमद हसन, अवधेश प्रसाद, राजेन्द्र चौधरी, प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम पटेल तथा विधान परिषद सदस्य एसआरएस यादव आदि ने श्रद्धांजलि अर्पित की ।
अखिलेश ने कहा कि पारसनाथ यादव ने किसानों तथा कमजोर वर्ग के लोगों के हितों के लिए जीवन पर्यन्त संघर्ष किया । उनका राजनीतिक सफर ग्राम पंचायत से लेकर देश की सबसे बड़ी पंचायत (लोकसभा) तक रहा । उनके निधन से समाजवादी पार्टी को अपूरणीय क्षति हुई है ।
पारसनाथ यादव के निधन पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी गहरा शोक व्यक्त किया है ।
मुख्यमंत्री ने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शान्ति के लिए प्रार्थना करते हुए शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है ।
उत्तर प्रदेश विधानसभा के अध्यक्ष हृदय नारायण दीक्षित ने पारसनाथ के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है ।
दीक्षित ने अपने शोक संदेश में कहा कि पारसनाथ जनपद जौनपुर के विधानसभा क्षेत्र मल्हनी के लोकप्रिय सदस्य थे । वह सात बार विधानसभा के सदस्य एवं दो बार सांसद रहे । समय-समय पर महत्वपूर्ण विभागों के मंत्री के रूप में उन्होंने प्रदेश की सेवा की ।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)