लखनऊ, 14 अगस्त समाजवादी पार्टी (सपा) ने चुनाव आयोग से उत्तर प्रदेश के मतदान केंद्रों में बदलाव और संशोधन के लिये सपा के सांसदों, विधायकों, जिलाध्यक्षों तथा अन्य पदाधिकारियों द्वारा दर्ज करायी गयी आपत्तियों पर सकारात्मक कार्रवाई करने की मांग करते हुए सोमवार को मुख्य निर्वाचन अधिकारी को एक ज्ञापन सौंपा।
सपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता राजेन्द्र चौधरी ने यहां बताया कि पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के निर्देश पर पार्टी प्रतिनिधिमंडल ने मुख्य निर्वाचन अधिकारी को ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में कहा गया है कि प्रदेश के विभिन्न जिलों में सपा जिलाध्यक्ष, महानगर अध्यक्ष, सांसद और विधायकों ने मतदान केंद्रों में सुधार के लिए आपत्तियां और सुझाव दिये हैं।
ज्ञापन में मांग की गई है कि मतदान केंद्रों में परिवर्तन और संशोधन कराया जाये ताकि आगामी लोकसभा चुनावों को स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं भयमुक्त तरीके से कराया जा सके।
ज्ञापन में कहा गया है कि प्रदेश के कई विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों में कई मतदान केंद्रों को केंद्रीय निर्वाचन आयोग के निर्देशों के विपरीत बना दिया गया है खासतौर से सपा के परम्परागत मतदाताओं वाले मतदान केन्द्रों को सत्तापक्ष के इशारे पर तीन से छह किलोमीटर तक दूर कर दिया गया है।
ज्ञापन में कहा गया है कि इसके अलावा घनी आबादी के बीच में और रेलवे लाइनों, बड़ी नहरों, बडे़ नालों के पार मतदान केंद्र बनाये गये हैं जिससे इन केन्द्रों पर मतदाताओं को पहुंचने में परेशानी होगी।
इससे मतदान का प्रतिशत भी गिरेगा और चुनाव परिणाम भी प्रभावित होगा।
समाजवादी पार्टी के ज्ञापन के मुताबिक पार्टी नेताओं ने लखनऊ, गाजियाबाद, कासगंज, बलरामपुर, बांदा, आगरा, श्रावस्ती, सोनभद्र, बहराइच, कानपुर देहात, कन्नौज, मिर्जापुर, मऊ, बस्ती, संतकबीरनगर, अलीगढ़, इलाहाबाद, गोरखपुर, अमरोहा तथा अम्बेडकरनगर विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र के मतदान केंद्रों में सुधार के लिए आपत्तियां एवं सुझाव दर्ज कराए हैं।
समाजवादी पार्टी का ज्ञापन के.के. श्रीवास्तव, हरिश्चन्द्र यादव एवं राधेश्याम सिंह ने मुख्य निर्वाचन अधिकारी को सौंपते हुए तत्काल कार्यवाही करने की मांग की है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY