खेल की खबरें | बांग्लादेश के महमूदुल की शतकीय पारी के बाद भी दक्षिण अफ्रीका मजबूत स्थिति में
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Sports at LatestLY हिन्दी. दक्षिण अफ्रीका ने पहली पारी में 367 रन बनाये थे और दिन का खेल खत्म होने तक दूसरी पारी में उसने बिना किसी नुकसान के छह रन बना लिये है जिससे उसकी कुल बढ़त 75 रन की हो गयी है।
दक्षिण अफ्रीका ने पहली पारी में 367 रन बनाये थे और दिन का खेल खत्म होने तक दूसरी पारी में उसने बिना किसी नुकसान के छह रन बना लिये है जिससे उसकी कुल बढ़त 75 रन की हो गयी है।
स्टंप्स के समय डीन एल्गर और सारेल एरवी तीन-तीन रन बनाकर खेल रहे थे।
अपना तीसरा टेस्ट खेल रहे सलामी बल्लेबाज महमूदुल ने 326 गेंद की पारी में 15 चौके और दो छक्के की मदद से 137 रन बनाये। वह दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ टेस्ट में शतक लगाने वाले बांग्लादेश के पहले बल्लेबाज है।
बांग्लादेश ने दिन की शुरूआत चार विकेट पर 98 रन की मुश्किल स्थिति में की थी। रात्रि प्रहरी तास्किन अहमद (01) दिन के शुरुआती ओवरों में ही लिजाड विलियम्स (54 रन पर तीन विकेट) की गेंद पर वियान मुलडर को कैच थमा बैठे। पदार्पण कर रहे विलियम्स का यह पहला अंतरराष्ट्रीय विकेट रहा।
महमूदुल को इसके बाद लिटन दास (41) का अच्छा साथ मिला और दोनों ने छठे विकेट के लिए 81 रन की साझेदारी कर मैच में टीम की वापसी करायी। उन्होंने इसके बाद यासिर अली (22) और मेहदी हसन मेराज (29) के साथ सातवें और आठवें विकेट के लिए क्रमश: 33 और 51 रन की साझेदारी कर बांग्लादेश को मैच में बनाये रखा।
वह आउट होने वाले टीम के आखिरी बल्लेबाज रहे।
मैच के दूसरे दिन बांग्लादेश के चारों विकेट चटकाने वाले सिमोन हार्मर तीसरे दिन कोई सफलता हासिल नहीं कर सके। टीम के दूसरे स्पिनर केशव महाराज भी विकेट निकालने में असमर्थ रहे।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)