Sonu Nigam और उनका परिवार कोरोना वायरस से संक्रमित
गायक सोनू निगम ने बताया कि वह, उनकी पत्नी मधुरिमा और बेटा निवान कोरोना वायरस से संक्रमित पाए गए हैं और दुबई में अपने घर पर ही पृथक-वास में हैं.
मुंबई, 5 जनवरी : गायक सोनू निगम ने बताया कि वह, उनकी पत्नी मधुरिमा और बेटा निवान कोरोना वायरस से संक्रमित पाए गए हैं और दुबई में अपने घर पर ही पृथक-वास में हैं. गायक (48) ने सोशल मीडिया मंच ‘इंस्टाग्राम’ पर मंगलवार रात एक वीडियो साझा कर बताया कि वह ठीक हैं और उनमें संक्रमण का कोई लक्षण भी नहीं है. सोनू निगम ने बताया कि उन्हें एक कार्यक्रम में हिस्सा लेने भारत आना था, लेकिन जांच में बार-बार संक्रमित पाए जाने के बाद वह कार्यक्रम के लिए नहीं आ पाए.
उन्होंने कहा, ‘‘ मैं अभी कोरोना वायरस से संक्रमित हूं. मैं, अभी दुबई में हूं, मुझे भुवनेश्वर में प्रस्तुति देने और ‘सुपर सिंगर सीजन3’ की शूटिंग करने के लिए भारत जाना था, इसलिए मैंने जांच कराई और मैं संक्रमित पाया गया. मैंने दोबारा भी जांच कराई और उसमें भी मैं संक्रमित पाया गया. मुझे लगता है कि हमें इसे स्वीकार करना होगा.’’ निगम ने कहा, ‘‘ कई बार, मैंने बुखार में, खराब गले या जुखाम के साथ भी कॉन्सर्ट किए हैं. इस बात को लेकर काफी अच्छा महसूस हो रहा है कि मैं संक्रमित हूं लेकिन इससे मेरी जान नहीं जा रही है. मेरा गला भी ठीक है.’’ गायक ने वीडियो में बताया कि उनकी पत्नी मधुरिमा और बेटा निवान भी संक्रमित है. वहीं, संगीतकार जीत गांगुली और गीतकार राज शेखर भी संक्रमित पाए गए हैं. यह भी पढ़ें : COVID-19: कोरोना की चपेट में बिहार, डिप्टी सीएम रेणु देवी और राज्य मंत्री सुनील कुमार कोरोना पॉजिटिव
निगम ने उनकी जगह भुवनेश्वर में प्रस्तुति देने के लिए गायक शान और उनकी जगह ‘सुपर सिंगर सीजन3’ की शूटिंग करने के लिए संगीतकार अनु मलिक का शुक्रिया भी अदा किया. बृहन्मुंबई नगर निगम (बीएमसी) के अनुसार, मुंबई ने मंगलवार को कोविड-19 के 10,860 नए मामले सामने आए, जो सात अप्रैल, 2021 के बाद सामने आए सर्वाधिक दैनिक मामले हैं. वहीं, संक्रमण से दो और मरीजों की मौत भी हो गई.
(The above story first appeared on LatestLY on Jan 05, 2022 11:23 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

