डिब्रूगढ़/ नयी दिल्ली, पांच मई पोत परिवहन मंत्री सर्वानंद सोनोवाल नौ मई को म्यांमा के सितवे बंदरगाह पर पहुंचने वाले देश के पहले मालवाहक जहाज की अगवानी के लिए मौजूद रहेंगे।
सोनोवाल ने डिब्रूगढ़ में एक संवाददाता सम्मेलन में कहा कि इस जहाज के सितवे पहुंचने के साथ ही कोलकाता बंदरगाह और सितवे के बीच मालवाहक जहाजों का नियमित आवागमन शुरू हो जाएगा। उन्होंने कहा कि इससे बंगाल की खाड़ी के समूचे क्षेत्र के लिए व्यापक आर्थिक संभावनाएं पैदा होंगी।
पोत परिवहन राज्य मंत्री शांतनु ठाकुर ने बृहस्पतिवार को इस मालवाहक जहाज को कोलकाता से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया था। यह जहाज 20,000 सीमेंट बोरियों के साथ करीब 1,000 टन माल लेकर सितवे रवाना हुआ है।
सितवे म्यांमा के रखाइन प्रांत की राजधानी है और यहां का बंदरगाह भारत से मिले सहयोग से विकसित किया गया है।
सोनोवाल ने कहा, "हम सितवे बंदरगाह की तीव्र गति से निर्माण करने में सफल रहे हैं। इसके पीछे हमारी मंशा पूर्वोत्तर भारत से व्यापार संभावनाओं को बढ़ाने की रही है।"
उन्होंने कहा कि सितवे बंदरगाह से भारत और म्यांमा के अलावा बांग्लादेश, भूटान और नेपाल को भी वाणिज्यिक संभावनाओं के दोहन का अतिरिक्त अवसर मिलेगा।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY