भोपाल, आठ जून केंद्रीय बंदरगाह, नौवहन, जलमार्ग और आयुष मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के साथ बृहस्पतिवार को आगामी 21 जून को जबलपुर में आयोजित होने वाले राष्ट्रीय स्तर के योग दिवस कार्यक्रम से जुड़ी तैयारियों की समीक्षा की।
आधिकारिक तौर पर यहां बताया गया कि दोनों नेताओं ने चिकित्सा की आयुष प्रणाली को बढ़ावा देकर राज्य में स्वास्थ्य सेवाओं को और मजबूत करने पर भी चर्चा की।
केंद्रीय मंत्री ने बाद में यहां राजभवन में मध्य प्रदेश के राज्यपाल मंगू भाई पटेल से भी मुलाकात की।
सोनोवाल और चौहान ने 21 जून को आगामी अंतरराष्ट्रीय योग दिवस (आईडीवाई 2023) की तैयारी के विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की।
चौहान ने कहा है कि यह हमारा सौभाग्य है कि मध्यप्रदेश को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर एक राष्ट्रीय स्तर के कार्यक्रम की मेजबानी का अवसर मिला है। उन्होंने कहा कि जबलपुर में होने वाले इस कार्यक्रम को लेकर व्यापक स्तर पर तैयारियां जारी हैं।
राज्यपाल के साथ अपनी बैठक का उल्लेख करते हुए सोनोवाल ने कहा कि उन्होंने देश के बाकी हिस्सों के साथ-साथ मध्य प्रदेश के लोगों के बीच योग को लोकप्रिय बनाने के तरीकों और साधनों पर चर्चा की क्योंकि देश एक स्वच्छ भारत की दिशा में मिशन पर चल पड़ा है जो हमारे सक्रिय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की दृष्टि है।
उन्होंने कहा , ‘‘ हमने मध्य प्रदेश के जबलपुर में आयोजित होने वाले अंतरराष्ट्रीय योग दिवस-2023 को सफल बनाने के अपने प्रयासों के साथ-साथ कई विकासात्मक मुद्दों पर भी चर्चा की।’’
सोनोवाल ने कहा कि कार्यक्रम से 25 करोड़ लोगों को जोड़ा जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन में योग को मानव जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने के प्रयास व्यापक स्तर पर जारी हैं। जन-भागीदारी को प्रोत्साहित कर योग को जन-आंदोलन का स्वरूप दिया जा सकता है।
दिमो
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)











QuickLY