देश की खबरें | राजस्थान में ‘भारत जोड़ो यात्रा’ में शामिल हो सकती हैं सोनिया
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी आगामी सोमवार को राजस्थान में ‘भारत जोड़ो यात्रा’ में शामिल हो सकती हैं।
नयी दिल्ली, नौ दिसंबर कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी आगामी सोमवार को राजस्थान में ‘भारत जोड़ो यात्रा’ में शामिल हो सकती हैं।
पार्टी के वरिष्ठ नेता जयराम रमेश ने यह जानकारी दी।
सोनिया गांधी का आज 76वां जन्मदिन है और वह राहुल गांधी और प्रियंका गांधी के साथ राजस्थान में समय बिता रही हैं।
यह पूछे जाने पर क्या सोनिया गांधी यात्रा में शामिल होंगी, तो रमेश ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘वह अपना जन्मदिन मना रही हैं। हम सभी उनके दीर्घायु होने और स्वस्थ जीवन की कामना करते हैं...यह संभव है कि वह 12 दिसंबर को यात्रा में शामिल हों।’’
उनका कहना था कि सार्वजनिक जीवन से जुड़े लोग भी निजी क्षण के हकदार हैं और निजता का सम्मान होना चाहिए।
कांग्रेस की ‘भारत जोड़ो यात्रा’ के तहत 12 दिसंबर को राजस्थान के सवाई माधोपुर में ‘महिला शक्ति पदयात्रा’ निकाली जाएगी, जिसमें सिर्फ महिलाएं शामिल होंगी।
सोनिया गांधी अक्टूबर महीने में कर्नाटक के मांड्या में ‘भारत जोड़ो यात्रा’ में शामिल हुई थीं और राहुल गांधी के साथ उन्होंने पदयात्रा की थी।
रमेश ने बताया कि राहुल गांधी 18 दिसंबर को अलवर में संवाददता सम्मेलन को संबोधित करेंगे और इसके अगले दिन जनसभा का आयोजन होगा।
उन्होंने बताया कि यात्रा 24 दिसंबर को दिल्ली में प्रवेश करेगी और इसके बाद कुछ दिनों का विश्राम होगा।
रमेश ने कहा कि विश्राम के दौरान कंटेनरों के रखरखाव और मरम्मत का काम होगा तथा दो या तीन जनवरी से यात्रा फिर शुरू होगी।
उन्होंने कहा कि इस यात्रा के तहत 27 से 30 जनवरी के बीच श्रीनगर पहुंचने का प्रयास है।
यह पूछे जाने पर कि क्या यात्रा के दिल्ली पहुंचने के बाद इसमें कुछ दिनों का विश्राम रहने पर राहुल गांधी संसद के शीतकालीन सत्र में शामिल होंगे तो रमेश ने कहा, ‘‘यह स्वाभाविक है कि अगर वह दिल्ली में होते हैं और वह संसद जाएंगे।’’
उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ने संसद का बहिष्कार नहीं किया है, बल्कि वह ‘भारत जोड़ो यात्रा’ पर हैं।
तय कार्यक्रम के मुताबिक, संसद का मौजूदा शीतकालीन सत्र 29 दिसंबर तक चलना है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Dec 09, 2022 07:04 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

