एजेंसी न्यूज

देश की खबरें | सोनम ने पति के साथ हनीमून पर जाने की टिकट बुक कराई थी, लौटने की नहीं : राजा रघुवंशी की मां

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. इंदौर के ट्रांसपोर्ट कारोबारी राजा रघुवंशी की हत्या को लेकर मेघालय पुलिस के खुलासे के बीच, मृतक की मां ने सोमवार को दावा किया कि पूर्वोत्तर के राज्य में अपने पति के साथ हनीमून पर जाने की योजना उनकी बहू सोनम ने बनाई थी, लेकिन उसने वहां से वापसी का टिकट बुक नहीं कराया था।

देश की खबरें | सोनम ने पति के साथ हनीमून पर जाने की टिकट बुक कराई थी, लौटने की नहीं : राजा रघुवंशी की मां

इंदौर (मध्यप्रदेश), नौ जून इंदौर के ट्रांसपोर्ट कारोबारी राजा रघुवंशी की हत्या को लेकर मेघालय पुलिस के खुलासे के बीच, मृतक की मां ने सोमवार को दावा किया कि पूर्वोत्तर के राज्य में अपने पति के साथ हनीमून पर जाने की योजना उनकी बहू सोनम ने बनाई थी, लेकिन उसने वहां से वापसी का टिकट बुक नहीं कराया था।

मेघालय पुलिस का कहना है कि सूबे में हनीमून के दौरान राजा रघुवंशी की हत्या में उनकी पत्नी सोनम कथित रूप से शामिल थी जिसने वहां भाड़े के हत्यारे बुलाए थे। मेघालय पुलिस ने हत्याकांड के चार संदिग्धों को मध्यप्रदेश और उत्तर प्रदेश से हिरासत में लिया है।

मेघालय पुलिस के इस खुलासे के बाद राजा रघुवंशी के परिवार के पैरों तले जमीन खिसक गई है, जबकि सोनम के पिता ने अपनी बेटी को बेगुनाह बताते हुए हत्याकांड की सीबीआई जांच की मांग की है।

राजा रघुवंशी की मां उमा रघुवंशी ने संवाददाताओं को बताया, ‘‘मेरा बेटा सोनम के कहने पर ही उसके साथ मेघालय घूमने गया था। वह इतनी जल्दी हनीमून पर नहीं जाना चाहता था। मेरे बेटे ने मुझे बताया था कि सोनम ने मेघालय की यात्रा का टिकट बुक करा लिया है। इस पर मैंने उससे कहा था कि अगर टिकट बुक हो चुका है, तो उसे पत्नी के साथ मेघालय घूमने जाना चाहिए।"

उन्होंने कहा, ‘‘मेरे बेटे ने मुझे यह भी बताया था कि सोनम ने मेघालय से दोनों की वापसी का टिकट बुक नहीं कराया है, लेकिन वे छह-सात दिन में वहां से इंदौर लौट आएंगे।’’

मेघालय पुलिस के मुताबिक, राजा रघुवंशी की पत्नी सोनम ने उत्तर प्रदेश के गाजीपुर जिले में पुलिस के सामने आत्मसमर्पण कर दिया है।

‘पीटीआई वीडियो’ के अनुसार, पूर्वी खासी हिल्स के पुलिस अधीक्षक विवेक सायम ने कहा कि इस मामले में पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया है। उन्होंने कहा ‘‘गिरफ्तार किया गया पहला व्यक्ति आकाश राजपूत (19) उत्तर प्रदेश के ललितपुर से है। दूसरा विशाल सिंह चौहान (22) और तीसरा राज सिंह कुशवाहा (21) मध्यप्रदेश के इंदौर से है।’’

पुलिस अधीक्षक ने कहा, ‘‘सोनम रघुवंशी फिलहाल पुलिस हिरासत में है। आज अपराह्न हमने मध्यप्रदेश के सागर जिले से आनंद कुर्मी (23) को गिरफ्तार किया।’’

मेघालय की पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) आई नोंगरांग ने ‘पीटीआई-’ को बताया कि राजा की पत्नी सोनम ने उत्तर प्रदेश के गाजीपुर में पुलिस के सामने आत्मसमर्पण कर दिया।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Jun 09, 2025 03:20 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).