स्वास्थ्य कर्मचारियों को पीपीई किट मुहैया कराने में मदद करेंगी सोनाक्षी सिन्हा
सोनाक्षी सिन्हा ने इसके लिए मनीष मुंद्रा के ‘दृश्यम् फिल्म्स‘, फोटोग्राफर एवं निर्माता अतुल कसबेकर और ‘ट्रिंग’ के साथ हाथ मिलाया।
मुम्बई, आठ मई अभिनेत्री सोनाक्षी सिन्हा ने भारत में अग्रिम मोर्चे पर तैनात स्वास्थ्य कर्मियों को निजी सुरक्षा उपकरण (पीपीई) मुहैया कराने के लिए धन जुटाने के लक्ष्य से फिल्मी सितारों के मंच ‘ट्रिंग’ का साथ देने की शुक्रवार को घोषणा की।
सोनाक्षी सिन्हा ने इसके लिए मनीष मुंद्रा के ‘दृश्यम् फिल्म्स‘, फोटोग्राफर एवं निर्माता अतुल कसबेकर और ‘ट्रिंग’ के साथ हाथ मिलाया।
बयान में 32 वर्षीय अदाकारा ने अपने प्रशंसकों से स्वास्थ्य कर्मियों की मदद के लिए सामने आने की अपील की।
सोनाक्षी ने कहा, ‘‘ हमारे डॉक्टर, नर्स और सभी चिकित्सा कर्मी हमारी जान बचाने और सभी मरीजों की देखभाल करने के लिए अपनी जान को खतरे में डाल रहे हैं। मुझे नहीं लगता कि दूसरों की जिदंगी बचाने के लिए अपनी जिदंगी खतरे में डालने से अधिक महान कोई काम है। ’’
उन्होंने कहा, ‘‘ दुर्भाग्यवश, अस्पतालों में पीपीई किट की कमी है, जिस कारण चिकित्सा कर्मियों की जिंदगी खतरे में है। इस अभियान के जरिए, मैं अपने सभी प्रशंसकों से आगे आने और पीपीई किट दान करने का अनुरोध करती हूं जो सीधे अस्पतालों में जरूरतमंदों के पास पहुंचेगी। यह समय की मांग है और मैं उम्मीद करती हूं कि हम सभी एक साथ आकर इस युद्ध को लड़ सकते हैं।’’
‘ट्रिंग’ के जरिए दान करने वाले हर व्यक्ति को सोनाक्षी निजी तौर पर संदेश भेजेगी।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)
(The above story first appeared on LatestLY on May 08, 2020 04:51 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

