देश की खबरें | सेवानिवृत्त शिक्षक की हत्या के आरोप में बेटा-बहू गिरफ्तार
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले के वजीरगंज क्षेत्र में पिछले दिनों एक सेवानिवृत्त शिक्षक की दिनदहाड़े हुई हत्या के आरोप में उन्हीं के बेटे और बहू को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस का दावा है कि दोनों ने दो लाख रुपए देकर हत्या कराई थी।
बदायूं (उत्तर प्रदेश), 24 अक्टूबर उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले के वजीरगंज क्षेत्र में पिछले दिनों एक सेवानिवृत्त शिक्षक की दिनदहाड़े हुई हत्या के आरोप में उन्हीं के बेटे और बहू को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस का दावा है कि दोनों ने दो लाख रुपए देकर हत्या कराई थी।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ओपी सिंह ने सोमवार को संवाददाता सम्मेलन में इस हत्याकांड का खुलासा किया।
उन्होंने बताया कि पिछली 18 अक्टूबर की शाम वजीरगंज क्षेत्र के अमरोली गांव निवासी सेवानिवृत्त शिक्षक सतपाल बाजार जाने के लिए मोटरसाइकिल से निकले थे। उन्होंने बताया कि रास्ते में गांव के मोड़ पर ही मोटरसाइकिल सवार दो बदमाशों ने गोली मारकर उनकी हत्या कर दी थी।
उन्होंने बताया कि परिजनों ने किसी से रंजिश की बात को लेकर इंकार किया तो पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर घटना की तफ्तीश शुरू कर दी है।
परिजनों समेत इलाकाई लोगों का बयान दर्ज करने के बाद पुलिस इस नतीजे पर पहुंची कि इस घटना में मारे गए शिक्षक का कोई करीबी रिश्तेदार ही शामिल है।
सिंह ने बताया कि सेवानिवृत्त होने के बाद सतपाल अपने छोटे बेटे विपिन सिंह के साथ रहने लगे थे और उसे खेती के लिए ट्रैक्टर और आने जाने के लिए कार खरीद कर दी थी। साथ ही दूध का व्यापार भी शुरू कराया था। मगर पिछले दिनों विपिन और उसकी पत्नी पूजा का व्यवहार ठीक नहीं लगने पर सतपाल अपने बड़े बेटे हरीश के घर जाकर रहने लगे थे।
उन्होंने बताया कि विपिन और पूजा को यह शक था कि अब सतपाल पेंशन के रुपए भी बड़े बेटे को देंगे। उन्होंने बताया कि इसी बीच सतपाल ने बिसौली कस्बे में मौजूद अपना एक मकान बेचने का इरादा किया था। दोनों को यह भी शक हुआ कि मकान बेचकर आने वाली रकम भी बड़े बेटे के पास जाएगी। ऐसे में बेटे-बहू ने उनकी हत्या की साजिश रच डाली।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने बताया कि विपिन और पूजा ने बरेली निवासी आर्यन, कुणाल, राहुल और अरुण को दो लाख रुपए में सतपाल की हत्या का ठेका दिया। वारदात को 18 अक्टूबर को अंजाम दिया गया।
उन्होंने बताया कि भाड़े के इन चार हत्यारों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। इस घटना का पर्दाफाश करने वाले पुलिस दल को 10 हजार रुपए इनाम देने का ऐलान किया है।
सं सलीम
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Oct 24, 2022 06:42 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

