देश की खबरें | कुछ लोग बेशर्मी से तालिबान का समर्थन कर रह‍े हैं: योगी आदित्यनाथ

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बृहस्पतिवार को विपक्षी दलों पर तीखा हमला बोला और कहा कि ‘‘तालिबान का बेशर्मी से समर्थन कर रहे लोगों को बेनकाब किया जाना चाहिए।’’

लखनऊ, 19 अगस्त उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बृहस्पतिवार को विपक्षी दलों पर तीखा हमला बोला और कहा कि ‘‘तालिबान का बेशर्मी से समर्थन कर रहे लोगों को बेनकाब किया जाना चाहिए।’’

उत्तर प्रदेश विधानसभा में वित्त वर्ष 2021-22 के अनुपूरक बजट पर चर्चा के दौरान मुख्‍यमंत्री ने यह बात कही।

मुख्‍यमंत्री आदित्‍यनाथ ने महिला कल्‍याण के मुद्दे को लेकर उठे सवालों के जवाब में नेता प्रतिपक्ष राम गोविंद चौधरी की ओर इशारा करते हुए कहा, ‘‘आप तो तालिबान का समर्थन कर रहे हैं। अध्यक्ष जी, तालिबान का कुछ लोग समर्थन कर रहे हैं। महिलाओं के साथ वहां पर क्या क्रूरता बरती जा रही है। बच्‍चों के साथ अफगानिस्तान में क्या क्रूरता बरती जा रही है लेकिन कुछ लोग बेशर्मी के साथ तालिबान का समर्थन किये जा रहे हैं। ‘तालिबानीकरण’ करना चाहते हैं, इन सभी के चेहरे समाज के सामने बेनकाब हो गए हैं।’’

इससे पहले तालिबान के समर्थन में बयान देने पर समाजवादी पार्टी (सपा) के संभल से सांसद डॉक्टर शफीकउर रहमान बर्क के खिलाफ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के एक नेता ने बुधवार को मामला दर्ज कराया।

संभल के पुलिस अधीक्षक चक्रेश मिश्रा ने बुधवार को बताया कि भाजपा के पश्चिमी उत्तर प्रदेश के क्षेत्रीय अध्यक्ष राजेश सिंघल ने सपा सांसद बर्क, मोहम्मद मुकीम और चौधरी फैजान पर तालिबान के संबंध में भड़काऊ बयान देने के आरोप में शिकायत दर्ज कराई।

संभल के सांसद बर्क मामला दर्ज होने के बाद अपने बयान से पलटते नजर आये और उन्होंने बुधवार को कहा कि उनके बयान को तोड़ मरोड़ कर पेश किया गया है, उन्होंने ऐसा कुछ नहीं कहा है।

दरअसल बर्क ने संभल में संवाददाताओं से बातचीत में सोमवार को कहा था कि तालिबान एक ताकत है और उसने अफगानिस्तान में अमेरिका के पांव जमने नहीं दिये। तालिबान अब अपने देश को खुद चलाना चाहता है।

उन्होंने कहा था, “हमारा देश जब अंग्रेजों के कब्जे में था तब सभी हिंदुस्तानियों ने मिलकर आजादी की जंग लड़ी थी। अफगानिस्तान पर अमेरिका ने कब्जा कर रखा था। उससे पहले इस मुल्क पर रूस का कब्जा था। मगर अफगान आजाद रहना चाहते हैं। वह अपने देश को आजाद कराना चाहते हैं। यह उनका व्यक्तिगत मामला है, इसमें हम क्या दखल देंगे?"

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बर्क के इस बयान की मंगलवार को विधान परिषद में कड़ी निंदा की थी।

आनन्द

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now