देश की खबरें | कुछ लोग ‘ भ्रम और भय’ का माहौल पैदा कर सरकार चला रहे हैं : सोनिया गांधी ने केंद्र पर साधा निशाना
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. ‘गांधी चेतना रैली’ को डिजिटल माध्यम से संबोधित करते हुए सोनिया गांधी ने कहा कि कांग्रेस पार्टी के लिये महात्मा गांधी के आदर्श पार्टी की आत्मा है और उसने अपनी कार्यशैली में इन उसूलों को शामिल किया है।
‘गांधी चेतना रैली’ को डिजिटल माध्यम से संबोधित करते हुए सोनिया गांधी ने कहा कि कांग्रेस पार्टी के लिये महात्मा गांधी के आदर्श पार्टी की आत्मा है और उसने अपनी कार्यशैली में इन उसूलों को शामिल किया है।
भाजपा पर निशाना साधते हुए उन्होंने आरोप लगाया, ‘‘ कुछ लोग गांधीजी का नाम जोर शोर से लेते हैं, लेकिन कार्यों से उनके (गांधीजी) आदर्शो, उसूलों को चूर-चूर कर दिया है। आज चारों तरफ अराजकता, अत्याचार, दुराचार का बोलबाला है। जानबूझकर समाज में भेदभाव का माहौल बनाया जा रहा है । ’’
यह भी पढ़े | UP coronavirus update: 5 सप्ताह बाद यूपी में एक्टिव मरीजों की संख्या 50 हजार से कम.
कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा, ‘‘ मैं इतना कहना चाहती हूं कि कुछ लोग ‘भावना, भ्रम और भय’ का माहौल पैदा करके सरकार चला रहे हैं, आप इन सबसे सावधान रहे और सही निर्णय लें । ’’
उन्होंने कहा कि हम सभी को एकजुट होकर लड़ना है और यही महात्मा गांधी को सच्ची श्रद्धांजलि होगी । कांग्रेस पार्टी लगातार संघर्ष करेगी और सफलता पायेगी ।
यह भी पढ़े | उत्तर प्रदेश: समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं पर विरोध के दौरान जमकर लाठीचार्ज, पुलिस किए गए तैनात.
उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने हर कार्ययोजना को देश की जनता को ध्यान में रखकर बनाया, न कि चंद लोगों के लिये । साथ ही उन्होंने कहा कि जब-जब कांग्रेस ने गरीबों के उत्थान के लिये कार्य किया तब कुछ शक्तियों ने निजी स्वार्थ के लिये पार्टी को निशाना बनाया ।
सोनिया गांधी ने सवाल किया कि जब कांग्रेस देश के ग्रामीण क्षेत्र की बेरोजगारी को दूर करने के लिये ‘मनरेगा’ लाई तो किसने विरोध किया, किसने मजाक उड़ाया।
उन्होंने कहा कि अगर मनरेगा नहीं होती तो कोविड-19 के समय में बड़ी संख्या में लोग भुखमरी का शिकार होते ।
केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि आज युवाओं का रोजगार छीना जा रहा है, लाखों की संख्या में कुटीर उद्योग बंद हो रहे हैं । सबसे अधिक रोजगार देने वाले उद्यमों का निजीकरण किया जा रहा है ।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस के समय में शासन में पारदर्शिता लाने के लिये लाये गये सूचना के अधिकार कानून को कमजोर किया गया है । आज सवाल पूछने पर जवाब नहीं मिलता है।
केंद्र सरकार पर प्रहार जारी रखते हुए सोनिया गांधी ने कहा कि किसानों, महिलाओं, कामगारों के साथ-साथ खाद्य योजना, स्वास्थ्य, शिक्षा आदि से जुड़े कानूनों को मोदी सरकार के समय में कमजोर किया गया है। इससे आम लोगों के हित प्रभावित हुए हैं और उनके अधिकार छीनने का काम किया गया है।
दीपक मानसी पवनेश
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)