कुछ नेता चीन के साथ मिलकर आरोप लगाते हैं और राजनीतिक रोटियां सेकते हैं: भाजपा का राहुल पर पलटवार
पड़ोसी देश चीन को लेकर केंद्र सरकार की आलोचना करने पर कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर पलटवार करते हुए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सांसदों अनुराग ठाकुर और निशिकांत दुबे ने आरोप लगाया कि कुछ लोग चीन के साथ मिलकर आरोप लगाते हैं और अपनी राजनीतिक रोटियां सेकते हैं, जबकि उनकी पार्टी के शासन में इस पड़ोसी देश को भारत की भूमि सौंप दी गई.
नयी दिल्ली, 3 अप्रैल : पड़ोसी देश चीन को लेकर केंद्र सरकार की आलोचना करने पर कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर पलटवार करते हुए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सांसदों अनुराग ठाकुर और निशिकांत दुबे ने आरोप लगाया कि कुछ लोग चीन के साथ मिलकर आरोप लगाते हैं और अपनी राजनीतिक रोटियां सेकते हैं, जबकि उनकी पार्टी के शासन में इस पड़ोसी देश को भारत की भूमि सौंप दी गई. ठाकुर ने शून्यकाल में यह सवाल भी उठाया कि क्या राजीव गांधी फाउंडेशन ने चीन से पैसा लिया था और किस काम के लिए लिया था? पूर्व केंद्रीय मंत्री ने कांग्रेस को आड़े हाथ लेते हुए कहा, ‘‘अक्साई चिन का हिस्सा किसके समय चीन ने हथिया लिया. किसकी सरकार थी. हिंदी-चीनी भाई-भाई कहते रहे और पीठ में छुरा घोंपने का काम किया.’’ इससे पहले लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने शून्यकाल के दौरान दावा किया, ‘‘यह सर्वविदित है कि चीन हमारे 4,000 वर्ग किलोमीटर क्षेत्र पर बैठा हुआ है.’’
उन्होंने कहा कि चीन के साथ संबंध सामान्य होने चाहिए लेकिन उससे पहले सीमा पर पूर्व की स्थिति बहाल होनी चाहिए और भारत की भूमि लौटाई जाए.
कांग्रेस नेता ने कहा कि सरकार को बताना चाहिए कि चीन से भूमि वापस लेने के लिए क्या किया जा रहा है. भाजपा नेता ठाकुर ने राहुल गांधी का नाम लिए बिना उन पर निशाना साधते हुए कहा, ‘‘कौन नेता थे जो डोकलाम की घटना के समय चीन के अधिकारियों के साथ चाइनीज सूप पीते रहे और सेना के जवानों के साथ जाकर खड़े नहीं हुए.’’ उन्होंने कहा, ‘‘कुछ लोग चीन के साथ मिलकर आरोप लगाते हैं और अपनी राजनीतिक रोटियां सेकते हैं. ये केवल राजनीति करते हैं....इन्हें कुछ नहीं मिलने वाला.’’ ठाकुर ने कहा, ‘‘आज हम प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की सरकार में कह सकते हैं कि डोकलाम की घटना के समय भारतीय सैनिकों ने चीन की सेना को मुंहतोड़ जवाब दिया. प्रधानमंत्री स्वयं सीमा पर गए और सेना का मनोबल बढ़ाया. रक्षा मंत्री भी वहां गए.’’ यह भी पढ़ें : वक्फ़ संशोधन विधेयक को लाने से पहले व्यापक विचार-विमर्श किया गया : अल्पसंख्यक मंत्री रीजीजू
उन्होंने कहा कि भारत की एक इंच भी जमीन कोई नहीं हथिया पाया और सेना ने मोदी सरकार में यह करके दिखाया है. दुबे ने भी शून्यकाल के दौरान इस मुद्दे पर कांग्रेस पर निशाना साधा. उन्होंने कहा, ‘‘आपने (कांग्रेस) सारे देश को कमजोर कर दिया. आपके प्रधानमंत्रियों ने बार-बार ऐसे समझौते किए जिनसे चीन आज हमारा दुश्मन है.’’ भाजपा सांसद ने कहा, ‘‘आपके समय के कमजोर प्रधानमंत्री ने चीन को तिब्बत दे दिया, चीन को भूमि दे दी.’’ भाजपा सांसद ने दावा कि पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने कच्चातिवू द्वीप श्रीलंका को दे दिया. उन्होंने कहा, ‘‘आज का समय आपके जैसे कमजोर प्रधानमंत्री का नहीं है. यह अब नेहरू का देश नहीं है. हमने चीन को एक इंच जमीन नहीं दी. हमने चीन की कम्युनिस्ट पार्टी के साथ समझौता नहीं किया है.’’ उन्होंने कहा, ‘‘हमें गर्व है कि आज देश के प्रधानमंत्री मोदी जी हैं और पूरी दुनिया उनके सामने झुकती है.’’
(The above story first appeared on LatestLY on Apr 03, 2025 01:54 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

