देश की खबरें | वरिष्ठ सहकर्मी की हत्या के बाद सिपाही ने आत्मसमर्पण किया

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. डिफेंस सिक्योरिटी कोर (डीएससी) के नायब सूबेदार की मामूली विवाद में कथित तौर पर गोली मारकर हत्या करने वाले हवलदार ने वारदात को अंजाम देने के करीब 36 घंटे के बाद सोमवार को आत्मसमर्पण कर दिया। पुलिस ने इसकी जानकारी दी ।

एनडीआरएफ/प्रतीकात्मक तस्वीर (Photo Credits: ANI)

कटनी (मप्र), 12 अक्टूबर डिफेंस सिक्योरिटी कोर (डीएससी) के नायब सूबेदार की मामूली विवाद में कथित तौर पर गोली मारकर हत्या करने वाले हवलदार ने वारदात को अंजाम देने के करीब 36 घंटे के बाद सोमवार को आत्मसमर्पण कर दिया। पुलिस ने इसकी जानकारी दी ।

पुलिस अधिकारी ने बताया कि डीएससी के हवलदार साकेत सिंह (55) ने मामूली विवाद को लेकर अपने वरिष्ठ सहकर्मी नायब सूबेदार अशोक शिकारा (45) की शनिवार रात लगभग 7.55 बजे कथित रूप से पांच गोलियां दाग कर हत्या कर दी थी।

यह भी पढ़े | Fire Breaks Out in Kolkata: कोलकाता के चितपुर में प्लास्टिक फैक्ट्री में लगी आग, दमकल की 10 गाड़ियां मौके पर मौजूद.

पुलिस ने बताया कि वारदात के बाद सिंह छिप गया था । उसके पास एक इंसास राइफल एवं 15-20 कारतूस भी था । सिंह ने चेतावनी दी थी कि किसी ने भी करीब आने की कोशिश की तो वह आत्महत्या कर लेगा ।

कटनी के पुलिस अधीक्षक ललित शाक्यवार ने बताया, ‘‘उसने सोमवार सुबह 10 बजे के लगभग आत्मसमर्पण कर दिया।’’

यह भी पढ़े | Mumbai Electric Supply Failure: बिजली आपूर्ति ठप होने से लोकल ट्रेन सेवाएं, यात्री प्रभावित.

उन्होंने बताया कि आत्मसमर्पण करने से पहले उसने कई दफा नाटक किया। उन्होंने बताया, ‘‘वह कई दफा आत्मसमर्पण करने के लिये तैयार हो गया फिर वह अपना मन बदलते हुए अपना मोबाइल फोन बंद कर देता था। हम सभी पूरी कोशिश करते रहे और उसे आत्मसमर्पण के लिये मनाते रहे।’’

एक अन्य पुलिस अधिकारी ने बताया कि हवलदार पहले पलटन में जवानों की तैनाती और वित्त मामले को संभाल रहा था । प्रारंभिक जांच के अनुसार, कुछ समय पहले नायब सूबेदार शिकारा के आने के बाद दोनों के बीच वर्चस्व को लेकर विवाद शुरु हो गया था और इसी के परिणामस्वरूप यह गोलीबारी हुयी ।

अधिकारी ने बताया कि रविवार को पोस्टमार्टम के बाद शिकारा का शव उनके परिवार को सौंप दिया गया।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\