देश की खबरें | स्मृति ईरानी ने देहरादून पहुंचकर रक्षाबंधन समारोह में हिस्सा लिया

देहरादून, सात अगस्त केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री स्मृति ईरानी ने रविवार को यहां पहुंचकर रक्षाबंधन समारोह में हिस्सा लिया।

प्रदेश के कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी द्वारा अपने विधानसभा क्षेत्र में शाम को आयोजित समारोह में पहुंची ईरानी ने जोशी और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष महेंद्र भट्ट की कलाई पर राखी भी बांधी।

इस मौके पर केंद्रीय मंत्री ने कहा कि केंद्र और प्रदेश की भाजपा सरकार ने हमेशा महिलाओं का सम्मान किया है। उन्होंने भाजपा को भी एक परिवार बताया और कहा कि परिवार में रक्षा बंधन का बहुत महत्व होता है।

स्मृति ईरानी ने कहा कि उत्तराखंड की महिलाएं भी प्रधानमंत्री की बहनें हैं और यह संदेश वह उन तक पहुंचाएंगी।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष भट्ट ने कहा कि रक्षा बंधन का त्योहार भाई-बहन के पवित्र प्रेम की निशानी है।

जोशी ने कहा कि बहनों और माताओं के प्यार और भरोसे के बल पर ही उन्हें अपने जीवन में सफलता मिली है।

उधर, स्मृति ईरानी के यहां पहुंचने की सूचना मिलते ही महिला कांग्रेस कार्यकर्ता काले झंडे लेकर उनका विरोध करने के लिए बीजापुर अतिथि गृह के बाहर पहुंच गयीं। हालांकि, मंत्री अतिथि गृह नहीं पहुंची और सीधे ही कार्यक्रम स्थल पहुंच गयीं।

दीप्ति

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)