देश की खबरें | विमान में नारेबाजी: हत्या की कोशिश का मामला दर्ज करने पर कांग्रेस ने सरकार की आलोचना की

कोच्चि, 14 जून केरल के मुख्यमंत्री पिनराई विजयन के खिलाफ एक विमान में नारे लगाने वाले युवक कांग्रेस के दो कार्यकर्ताओं के विरूद्ध हत्या की कोशिश का मामला दर्ज किया गया है। मुख्य विपक्षी दल ने इस कदम की तीखी आलोचना करते हुए साफ किया है कि पार्टी ने कार्यकर्ताओं को विरोध करने के लिए नहीं भेजा था।

विधानसभा में विपक्ष के नेता वी. डी. सतीशन ने अपनी पार्टी के कार्यकर्ताओं के खिलाफ पुलिस कार्रवाई को लेकर एलडीएफ सरकार को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि पार्टी विमान में विजयन के खिलाफ नारे लगाने वाले कार्यकर्ताओं से किनारा नहीं करेगी।

सतीशन ने यहां प्रेस वार्ता में आरोप लगाया, “विरोध में सिर्फ नारेबाजी करने पर युवक कांग्रेस के कार्यकर्ताओं के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया गया है। इससे केरल के मुख्यमंत्री पिनराई विजयन हिटलर, नरेंद्र मोदी और योगी आदित्यनाथ से भी बड़े तानाशाह साबित हो रहे हैं।”

पुलिस ने कहा कि युवक कांग्रेस के कार्यकर्ताओं के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 120 बी (साजिश), 307 (हत्या की कोशिश) और 332 (लोक सेवक को उसके कर्तव्य से रोकने के लिए स्वेच्छा से चोट पहुंचाना) के साथ-साथ विमान सुरक्षा से संबंधित कानूनों के के तहत सोमवार रात को मामला दर्ज किया गया है। पार्टी के दोनों कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार कर लिया गया है।

कांग्रेस नेता ने पूछा कि युवक कांग्रेस के कार्यकर्ताओं को विमान के अंदर कथित तौर पर धक्का देने वाले एलडीएफ के संयोजक ईपी जयराजन के खिलाफ मामला दर्ज क्यों नहीं किया गया? सतीशन ने जयराजन के इस आरोप को भी खारिज किया कि कांग्रेस के कार्यकर्ता शराब के नशे में थे।

उन्होंने यहां पत्रकारों से कहा, “वे उड़ान में प्रदर्शन कर रहे थे। हालांकि कांग्रेस के किसी नेता को इसकी जानकारी नहीं थी। हमने किसी को विरोध करने के लिए नहीं भेजा है लेकिन हम उनसे किनारा नहीं कर रहे हैं।”

तिरुवनंतपुरम में दर्ज प्राथमिकी में कहा गया है कि राजनीतिक दुश्मनी के कारण, तीन आरोपियों फरज़ीन माजिद, नवीन कुमार और सुनीत कुमार ने मुख्यमंत्री पिनराई विजयन की हत्या की साजिश रची और कन्नूर से तिरुवनंतपुरम की उड़ान में सवार हो गए।

इस बीच, सूत्रों ने कहा कि एक आरोपी मजीद पेशे से शिक्षक हैं और उन्हें जांच पूरी होने तक स्कूल से निलंबित कर दिया गया है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)