देश की खबरें | कश्मीर में दो मुठभेड़ों में छह आतंकवादी ढेर, एक जवान शहीद
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. दक्षिण कश्मीर में दो मुठभेड़ों में दो पाकिस्तानी नागरिकों समेत छह आतंकवादी मारे गये। इसमें सेना का एक जवान शहीद हो गया। अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
श्रीनगर, 30 दिसंबर दक्षिण कश्मीर में दो मुठभेड़ों में दो पाकिस्तानी नागरिकों समेत छह आतंकवादी मारे गये। इसमें सेना का एक जवान शहीद हो गया। अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि मारे गये आतंकवादियों में जैश-ए-मोहमद के दो आतंकवादी भी शामिल हैं जो श्रीनगर के बाहरी इलाके में 13 दिसंबर को पुलिस की बस पर हमला करने में लिप्त थे।
अधिकारियों ने बताया कि जम्मू-कश्मीर के अनंतनाग जिले में बुधवार रातभर सुरक्षा बलों और आंतकवादियों के बीच चली मुठभेड़ में एक पाकिस्तानी नागरिक सहित जैश-ए-मोहम्मद के तीन आतंकवादी मारे गिराए गए। वहीं तीन अन्य आतंकवादियों को बुधवार शाम में कुलगाम जिले में हुई मुठभेड़ में ढेर किया गया है।
उन्होंने बताया कि अनंतनाग अभियान के दौरान दो जवान और एक पुलिसकर्मी घायल हो गया है।
सुरक्षा बलों को आतंकवादियों की मौजूदगी के बारे में पुख्ता जानकारी मिली थी जिसके बाद बुधवार शाम को अनंतनाग जिले के नौगाम शाहबाद में और कुलगाम के मीरहामा इलाके में सुरक्षा बलों की घेराबंदी और तलाशी अभियान के दौरान मुठभेड़ हुई। यह दोनों ही जिले दक्षिण कश्मीर में पड़ते हैं।
सेना की 15वीं कोर के जनरल ऑफिसर कमांडिंग (जीओसी) लेफ्टिनेंट जनरल डीपी पांडे ने कहा, “ पिछले करीब पांच दिनों में, सुरक्षा बलों ने घाटी में कई अभियान चलाए हैं, जिनमें 11 खूंखार आतंकवादी मारे गए हैं। बुधवार रात को दो अलग-अलग अभियानों में जैश-ए-मोहम्मद कैडर के दो पाकिस्तानी आतंकियों समेत छह आतंकवादियों को कुलगाम और अनंतनाग में ढेर कर दिया गया है।”
वह दक्षिण कश्मीर के अनंतनाग जिले के काज़ीगुंड में कश्मीर के पुलिस महानिरीक्षक (आईजीपी) विजय कुमार के साथ संयुक्त संवाददाता सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे।
जीओसी ने कहा कि अभियान के दौरान सिपाही जसबीर सिंह की जान चली गई।
उन्होंने कहा, “ अभियान बहुत सी इमारतों से घिरे क्षेत्र में चलाया जा रहा था, आम नागरिकों को सुरक्षित निकालने के दौरान, सेना के दो जवानों और एक जम्मू कश्मीर पुलिस के एक कर्मी को गोली लगी है। वे सभी अभी स्थिर हालत में हैं।”
आईजीपी कश्मीर ने कहा कि श्रीनगर के बाहरी इलाके ज़ेवान में पुलिस की एक बस पर 13 दिसंबर को किए गए हमले में जैश-ए-मोहम्मद का यह गुट शामिल था। इस हमले में तीन पुलिसकर्मियों की जान चली गई थी।
उन्होंने कहा, “जेवान हमले के बाद, मैंने आपके साथ साझा किया था कि जैश-ए-मोहम्मद ने हमले को अंजाम दिया था। सुरक्षा बलों के जवानों को यह जानकर खुशी होगी कि यह वही गुट है जिसने हमले को अंजाम दिया था जिसमें तीन पुलिसकर्मी शहीद हो गए थे।”
कुमार ने हमले के लिए जिम्मेदार तीन आतंकवादियों की पहचान ज़ाफरान कॉलोनी निवासी सुहैल अहमद राठेर, नाथीपोरा दूरू निवासी पीर अल्ताफ हुसैन उर्फ मुफ्ती अल्ताफ निवासी और एक पाकिस्तानी नागरिक सुल्तान उर्फ रईस के रूप में की है।
कुमार ने कहा, “ रईस 2017 से दक्षिण कश्मीर में सक्रिय था। उसका उद्देश्य बलों को भारी नुकसान पहुंचाना था। हालांकि, हमारी सेना ने (ज़ेवान में) भारी जवाबी कार्रवाई की थी, लेकिन फिर भी तीन पुलिस कर्मी शहीद हो गए थे। हमने साल के अंत से पहले इस समूह को खत्म करने का वादा किया था।”
उन्होंने कहा कि इस महीने अब तक पांच पाकिस्तानी नागरिकों समेत 24 आतंकवादी मारे गए हैं।
उन्होंने कहा, “ अमेरिका निर्मित दो एम-4 कार्बाइन राइफल, 15 एके-47, 24 पिस्तौल और कुछ ग्रेनेड और आईईडी बरामद किए गए हैं। इससे साबित होता है कि पाकिस्तान यहां अशांति पैदा करना चाहता है।”
आईजीपी ने कहा कि सुरक्षा बलों ने इस साल जैश के नंबर एक और नंबर दो को मारकर उसे बड़ा झटका दिया है।
उन्होंने कहा कि संगठन अब भी बलों पर हमले की योजना बना रहा है और ‘‘आईईडी विस्फोट का खतरा है।’’
कुमार ने कहा, “ लेकिन, पुलिस और सुरक्षा बल अलर्ट हैं। हमारा खुफिया नेटवर्क पूरी तरह से अलर्ट है और हम इसका मुंहतोड़ जवाब देंगे।”
उन्होंने कहा कि अगर पाकिस्तान विदेशी जैश-ए-मोहम्मद आतंकवादियों के शवों पर दावा करता है, तो पुलिस ‘‘शवों को वापस देने के लिए तैयार है।’’
इस बीच, पुलिस के एक प्रवक्ता ने कहा कि रईस और शाह के अलावा, अनंतनाग मुठभेड़ में मारे गए एक अन्य आतंकवादी की पहचान दुदवांगन कापरान निवासी निसार अहमद खांडे के रूप में हुई है।
उन्होंने कहा, ‘‘पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, मारे गए सभी आतंकवादी सुरक्षा बलों पर हमले और नागरिकों पर अत्याचार सहित कई आतंकवादी घटनाओं में शामिल समूह का हिस्सा थे। उनके खिलाफ कोकागुंड में एक पुलिसकर्मी के परिवार पर हुए हमले सहित कई आतंकी अपराध के मामले दर्ज किए गए थे।’’
प्रवक्ता ने कुलगाम मुठभेड़ में मारे गए आतंकवादियों की पहचान पाकिस्तान निवासी शाहिद उर्फ शहजाद, त्राल निवासी मोहम्मद शफी डार और मिरहमा निवासी उजैर अहमद के रूप में की है। उन्होंने बताया कि मुठभेड़ स्थल से आपत्तिजनक सामग्री, दो एम-4 राइफल और चार एके-47 राइफल सहित भारी मात्रा में हथियार और गोला-बारूद भी बरामद किया गया है।
उन्होंने कहा कि पुलिस ने दोनों घटनाओं में संबंधित थानों में कानून की संबंधित धाराओं के तहत मामले दर्ज किए हैं और विस्तृत जांच जारी है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Dec 30, 2021 10:53 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

