एजेंसी न्यूज

देश की खबरें | महिलाओं के लिये छह टीमों का आईपीएल शुरू करना चाहिए: मंधाना

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. भारत की स्टार सलामी बल्लेबाज स्मृति मंधाना मानती हैं कि महिलाओं की इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) की शुरूआत छह टीमों से करने के लिये देश के क्रिकेट में काफी गहराई मौजूद है जिससे राष्ट्रीय टीम के लिये ‘बेंच स्ट्रेंथ’ सुधारने में मदद मिल सकती है।

देश की खबरें | महिलाओं के लिये छह टीमों का आईपीएल शुरू करना चाहिए: मंधाना

नयी दिल्ली, 18 अगस्त भारत की स्टार सलामी बल्लेबाज स्मृति मंधाना मानती हैं कि महिलाओं की इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) की शुरूआत छह टीमों से करने के लिये देश के क्रिकेट में काफी गहराई मौजूद है जिससे राष्ट्रीय टीम के लिये ‘बेंच स्ट्रेंथ’ सुधारने में मदद मिल सकती है।

मंधाना ने कहा कि इस ट्वेंटी20 लीग (आईपीएल) के आने के बाद पुरूषों के क्रिकेट में घरेलू खिलाड़ियों के खेल के स्तर में काफी सुधार हुआ है और ऐसा ही महिलाओं के क्रिकेट में भी हो सकता है।

रविचंद्रन अश्विन के यूट्यूब चैनल पर इस 25 वर्षीय स्टाइलिश बल्लेबाज ने कहा, ‘‘पुरूष और महिला खिलाड़ियों के लिये खेलने के लिये एक समान ही राज्य हैं। इसलिये जब पुरूषों का आईपीएल शुरू हुआ तो तब भी इतनी ही संख्या में राज्य थे। लेकिन साल दर साल खिलाड़ियों के खेल का स्तर बढ़ता ही गया। ’’

उन्होंने कहा, ‘‘आज जो आईपीएल है, यह 10 या 11 साल पहले भी ऐसा ही था। मुझे लगता है कि महिलाओं के क्रिकेट के लिये भी यह समान ही है। हमारे पास क्रिकेट खेलने वाली उतनी ही खिलाड़ी हैं। ’’

मंधाना ने कहा, ‘‘अभी मुझे लगता है कि हम पांच या छह टीमों से अच्छी शुरूआत कर सकते हैं और शायद एक या दो साल में इसे आठ टीमों का कर सकते हैं। लेकिन जब तक हम इसे शुरू नहीं करते तब तक हम जान नही पायेंगे। ’’

उन्हें लगता है कि आईपीएल लीग महिलाओं को सही तरह का ‘एक्सपोजर’ दे सकती है जो उनके खेल को सुधारने के लिये जरूरी है।

मंधाना ने कहा, ‘‘पांच-छह टीमों से हम शुरूआत कर सकते हैं। लेकिन आठ टीमों के बारे में मैं निश्चित नहीं हूं कि यह कैसे होगी। लेकिन मुझे लगता है कि हमें पांच या छह टीमों से शुरू करने की जरूरत है ताकि हम जल्द ही आठ टीमों तक पहुंच सकें। ’’

उन्होंने कहा, ‘‘मुझे लगता है कि जब तक हम शुरूआत नहीं करते, तब तक हम अपनी खिलाड़ियों को अलग तरह के स्तर तक पहुंचने के लिये ‘एक्सपोजर’ नहीं दे पायेंगे। ’’

मंधाना ने कहा कि महिलाओं की बिग बैश लीग ने आस्ट्रेलिया की ‘बेंच स्ट्रेंथ’ में काफी सुधार किया है और ऐसा ही महिलाओं की आईपीएल से भारत में किया जा सकता है।

उन्होंने कहा, ‘‘मैं चार साल पहले बिग बैश लीग में खेली थी और अब उनके खेल का स्तर काफी अलग है। आप क्रिकेट आस्ट्रेलिया में देख सकते हो, जहां उनकी 40 से 50 खिलाड़ी किसी भी दिन अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खेलने के लिये तैयार हैं। ’’

मंधाना ने कहा, ‘‘इसलिये मैं सचमुच चाहती हूं कि भारतीय क्रिकेट में ऐसा हो। मुझे लगता है कि आईपीएल इसमें बड़ी भूमिका अदा कर पायेगा। ’’

भारतीय क्रिकेट बोर्ड इस समय महिलाओं के लिये सिर्फ एक टी20 चैलेंजर आयोजित करता है जिसमें तीन टीमें - ट्रेलब्लेजर्स, सुपरनोवाज और वेलोसिटी - भाग लेती हैं।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Aug 18, 2021 03:17 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).