‘Delhi-NCR: अल्प्राजोलम’ मादक द्रव्य के कारोबार के लिए एक कंपनी के सीईओ समेत 6 लोग गिरफ्तार
दिल्ली-एनसीआर क्षेत्र में ‘अल्प्राजोलम’ नामक मादक पदार्थ के निर्माण और आपूर्ति करने के आरोप में एक हर्बल कंपनी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) समेत छह लोगों को गिरफ्तार किया गया है. पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी.
नयी दिल्ली, 27 सितंबर : दिल्ली-एनसीआर क्षेत्र में ‘अल्प्राजोलम’ नामक मादक पदार्थ के निर्माण और आपूर्ति करने के आरोप में एक हर्बल कंपनी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) समेत छह लोगों को गिरफ्तार किया गया है. पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी. यह पदार्थ कथित तौर पर हरियाणा के हिसार में बायोकेस फूड्स एंड एक्सट्रैक्ट्स प्राइवेट लिमिटेड की एक इकाई में बनाया गया था, जिसके मालिक डॉ. नवीन अग्रवाल हैं. पुलिस ने बताया कि उन्हें ‘इंडियन अचीवर्स’ पुरस्कार मिल चुका है और पिछले साल उन्हें ‘सीईओ ऑफ द ईयर’ का पुरस्कार भी मिला था.
पुलिस उपायुक्त (अपराध) अमित गोयल ने बताया कि साक्षी एंटरप्राइजेज लिमिटेड नामक दवा कंपनी के मालिक आनंद कुमार उर्फ सोनू को भी इन पदार्थों के व्यापार के लिए गिरफ्तार किया गया है. गोयल ने बताया कि अन्य आरोपियों में दीपक कुमार, राजेंद्र कुमार मिश्रा, राम आशीष मौर्य और मुकेश कुमार शामिल हैं. चारों ही आपूर्तिकर्ता हैं. अधिकारी ने बताया कि न्यूट्रिली प्राइवेट लिमिटेड के मालिक नवीन अग्रवाल ने 2023 में इंडियन अचीवर्स पुरस्कार हासिल किया था. ‘इंडियन अचीवर्स अवार्ड्स’ एक ऐसा मंच है जो विभिन्न क्षेत्रों से संबंधित कार्यों के लिए दुनिया भर के भारतीय मूल के पेशेवरों की उत्कृष्ट उपलब्धियों को लेकर उन्हें सम्मानित करता है. यह भी पढ़ें : प्रधानमंत्री मोदी रविवार को ऑनलाइन माध्यम से पुणे मेट्रो का उद्घाटन करेंगे: मोहोल
इस वर्ष 23 मार्च को, एक गुप्त सूचना के आधार पर अपराध शाखा की एक टीम ने दिल्ली के बृजपुरी से राजेंद्र प्रसाद मिश्रा उर्फ आरपी को गिरफ्तार कर मादक पदार्थ ‘अल्प्राजोलम’ की आपूर्ति से जुड़े गिरोह का भंडाफोड़ किया था. अधिकारी ने बताया कि उसके पास से करीब 18 किलोग्राम अल्प्राजोलम पाउडर बरामद किया गया.
(The above story first appeared on LatestLY on Sep 27, 2024 11:36 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

