देश की खबरें | हैदराबाद में चार बच्चों समेत दो परिवारों के छह लोग मृत पाए गए

हैदराबाद, 13 अक्टूबर हैदराबाद में शुक्रवार को अलग-अलग घटनाओं में चार बच्चों समेत दो परिवारों के छह लोग मृत मिले। पुलिस ने यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि पहली घटना बोवेनपल्ली पुलिस थाना क्षेत्र में दर्ज की गई जिसमें 40 वर्षीय एक व्यक्ति और उसकी 10 एवं आठ साल की दो बेटियां अपने घर पर मृत मिलीं। उन्होंने बृहस्पतिवार की रात कथित तौर पर 'अज्ञात जहरीला' पदार्थ खाया था।

व्यक्ति की पत्नी और अन्य परिजनों को शुक्रवार सुबह वे मृत मिले। प्रारंभिक जांच के अनुसार, उसे संदेह है कि उन्होंने आर्थिक तंगी की वजह से यह कदम उठाया हो।

एक अन्य घटना में, एक सरकारी स्कूल में शिक्षिका (32) ने कथित तौर पर अपने चार और डेढ़ वर्ष के दो बेटों को दूध में जहरीला पदार्थ मिलाकर जहर दे दिया और इसके बाद अपने घर पर कथित तौर पर फांसी लगा ली। बोराबंदा पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

शिक्षिका के पति और अन्य परिजनों ने उन्हें मृत पाया। प्रारंभिक जांच के अनुसार, पुलिस ने बताया कि महिला अपने दोनों बच्चों के मानसिक स्वास्थ से परेशान थी।

महिला के पिता की शिकायत पर मामला दर्ज किया गया है और आगे की जांच जारी है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)