विदेश की खबरें | पाकिस्तान के बलूचिस्तान में बंदूकधारियों ने बस सवार छह यात्रियों की हत्या कर दी

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on world at LatestLY हिन्दी. पाकिस्तान के अशांत बलूचिस्तान प्रांत में संदिग्ध उग्रवादियों ने पंजाब प्रांत के छह लोगों को एक यात्री बस से नीचे उतार लिया और गोली मारकर उनकी हत्या कर दी। अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

श्रीलंका के प्रधानमंत्री दिनेश गुणवर्धने

कराची, 27 मार्च पाकिस्तान के अशांत बलूचिस्तान प्रांत में संदिग्ध उग्रवादियों ने पंजाब प्रांत के छह लोगों को एक यात्री बस से नीचे उतार लिया और गोली मारकर उनकी हत्या कर दी। अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

अधिकारियों के अनुसार, पांच यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य ने बाद में दम तोड़ दिया।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) हफीज बलूच ने बताया कि यह हमला प्रांत के ग्वादर जिले में उस समय हुआ जब बुधवार देर रात हथियारबंद लोगों ने ओरमारा राजमार्ग पर कलमत क्षेत्र के पास ग्वादर से कराची जा रही एक यात्री बस को रोक लिया।

बंदूकधारियों ने बस से कुछ यात्रियों को उतारा और छह लोगों को गोली मार दी।

बलूच ने बताया कि पांच यात्री मौके पर ही मारे गए, जबकि जीवित बचे एक व्यक्ति की बृहस्पतिवार सुबह अस्पताल में मौत हो गई।

उन्होंने कहा, ‘‘हथियारबंद लोगों ने यात्रियों के पहचान-पत्र जांचने के बाद छह यात्रियों की हत्या कर दी और तीन अन्य को अपने साथ ले गए।’’ उन्होंने कहा कि सभी पीड़ित पंजाब प्रांत के थे।

फिलहाल किसी भी समूह ने हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है।

उग्रवादियों ने ग्वादर बंदरगाह से खाद ले जा रहे तीन ट्रकों को भी सड़क पर अवरोध लगाकर रोक लिया और उनमें आग लगा दी।

प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने यात्री बस पर हमले की निंदा की और संबंधित अधिकारियों को जांच करने के साथ ही जिम्मेदार लोगों पर मुकदमा चलाने का निर्देश दिया।

‘डॉन’ अखबार ने राष्ट्रपति आसिफ अली जरदारी के हवाले से कहा, ‘‘आतंकवादी देश के विकास और बलूचिस्तान की समृद्धि के दुश्मन हैं। वे बलूचिस्तान में प्रगति नहीं देख सकते।’’

बलूचिस्तान के मुख्यमंत्री सरफराज बुगती ने घटना की निंदा करते हुए कहा, ‘‘निर्दोष यात्रियों को बस से उतारना और पहचान के आधार पर उनकी हत्या करना एक जघन्य और कायरतापूर्ण कृत्य है।’’

यहां बुधवार को बस यात्रियों पर हमला ऐसे समय में हुआ है जब प्रांत में तनावपूर्ण स्थिति है, क्योंकि इस महीने की शुरुआत में प्रतिबंधित अलगाववादी संगठन बलूच लिबरेशन आर्मी (बीएलए) के विद्रोहियों ने 440 यात्रियों को ले जा रही जाफर एक्सप्रेस का अपहरण कर लिया था। इस अपहरण में 18 सुरक्षाकर्मियों सहित 26 बंधकों की मौत हो गई थी।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\